पुणे में चमके यूपी के ट्रायथलॉन खिलाड़ी: प्रणय ने जीता स्वर्ण, अमित को मिला कांस्य

Anoop

August 18, 2026

पुणे में यूपी के जांबाजों ने रचा इतिहास, प्रणय को स्वर्ण और अमित को कांस्य पदक

तीन दशकों के लंबे इंतजार के बाद ट्रायथलॉन में चमका उत्तर प्रदेश का नाम

लखनऊ। महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 व 15 अगस्त को आयोजित ‘आईटीएफ मिनी ऑरेंज पैरा, सब-जूनियर, जूनियर नेशनल ट्रायथलॉन चैंपियनशिप-2026’ में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 50+ आयु वर्ग में प्रणय द्विवेदी ने 1 घंटा 36 मिनट 63 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 35+ आयु वर्ग में अमित सिंह ने 1 घंटा 27 मिनट 01 सेकंड का समय दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने 750 मीटर तैराकी, 20 किलोमीटर साइकिलिंग और 5 किलोमीटर दौड़ की बेहद कठिन स्पर्धा को सफलता पूर्वक पूरा किया।

उत्तर प्रदेश के खेल इतिहास में यह सफलता बेहद खास मानी जा रही है। इससे पहले वर्ष 1996 में इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में श्रीमती सृष्टि धवन ने प्रदेश के लिए कांस्य पदक जीता था। लंबे समय के अंतराल के बाद राष्ट्रीय मंच पर मिली यह दोहरी जीत राज्य में ट्रायथलॉन खेल के उभरते भविष्य को दर्शाती है।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्रा, सीईओ रविन कपूर और कोषाध्यक्ष जितेंद्र सोनकर ने दोनों विजेताओं को बधाई दी। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, जो प्रदेश के अन्य युवा एथलीटों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *