लखनऊ: जियो टैगिंग के विरोध में किराना और गल्ला व्यापारियों का प्रदर्शन, बाजार बंद कर दिया धरना, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Anoop

August 17, 2026

जियो टैगिंग व्यवस्था के विरोध में लखनऊ के किराना एवं गल्ला व्यापारियों ने बाजार बंद कर सांकेतिक धरना- प्रदर्शन किया

व्यापारियों ने एसीपी चौक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी

लखनऊ। लखनऊ में जियो टैगिंग की अव्यावहारिक व्यवस्था के खिलाफ व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा है। रविवार को लखनऊ किराना कमेटी और लखनऊ गल्ला खाद्य व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में व्यापारियों ने सुभाष मार्ग स्थित राजाबाजार (राम मंदिर के पास) में बाजार पूरी तरह बंद रखकर जोरदार सांकेतिक धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने सरकार और मंडी परिषद की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि सरकार लगातार नए नियम थोपकर व्यापारियों की सहनशीलता की परीक्षा ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जियो टैगिंग व्यवस्था तत्काल वापस नहीं ली गई, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन बाजार बंदी में बदलते हुए विधान सभा का घेराव किया जाएगा।

लखनऊ गल्ला खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल और कृषि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि नो-एंट्री के कारण शहर में माल की लोडिंग-अनलोडिंग देर रात या तड़के होती है। ऐसे में हर गेट पास और वाहन का जियो टैग के जरिए निस्तारण करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। ग्रामीण मंडियों के व्यापारियों और वाहन चालकों के पास अक्सर स्मार्टफोन या नेटवर्क की सुविधा नहीं होती। किराना कमेटी के महामंत्री प्रशांत गर्ग ने कहा कि पहले से लागू ऑनलाइन प्रक्रियाओं के बाद जियो टैगिंग अतिरिक्त बोझ है। आंदोलन के अंत में व्यापारियों ने एसीपी चौक को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और मांगें न पूरी होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *