शंकर महादेवन और जैस्मिन सैंडलास के सुरों पर झूमा इकाना, काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच पहला मुकाबला शुरू

Anoop

August 15, 2026

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरेश रैना और अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में UP T20 लीग के चौथे सीजन का भव्य उद्घाटन किया

संस्कृतिक व संगीतमय कार्यक्रमों और आसमान में शानदार ड्रोन शो के बाद डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच पहला मुकाबला शुरू हुआ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश टी20 (UP T20) लीग के चौथे सीजन का अत्यंत भव्य एवं रंगारंग आगाज हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना, उभरते स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, और यूपीटी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. संजय कपूर ने इसे पूरे प्रदेश का उत्सव बताया, वहीं राजीव शुक्ला ने रेखांकित किया कि यह मंच 250 से अधिक युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का स्वर्णिम अवसर प्रदान कर रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष करते हुए कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में अपार प्रतिभाएं छिपी हैं, जिन्हें यह लीग एक सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की 6 मजबूत टीमें पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक पूरे उत्तर प्रदेश को आपस में जोड़ रही हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मशहूर गायिका जैस्मिन सैंडलास ने अपने पंजाबी गीतों से समां बांध दिया, जबकि दिग्गज गायक शंकर महादेवन और उनके पुत्रों ने ‘शिव तांडव स्तोत्र’ तथा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके उपरांत, आसमान में अत्याधुनिक ड्रोन शो के जरिए ट्रॉफी और तिरंगे की आकृतियाँ उकेरी गईं, जिसके बाद उद्घाटन मैच में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स की टीमें आमने-सामने उतरीं। यह टूर्नामेंट 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ तथा 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर में आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *