रक्षाबंधन पर बहनों को सुगम यात्रा की सौगात: परिवहन निगम चलाएगा अतिरिक्त बसें, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

Anoop

August 12, 2026

क्षाबंधन पर यूपी सरकार का बड़ा फैसला: प्रदेश भर में बहनों और यात्रियों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें

सुगम और सुरक्षित सफर के लिए परिवहन मंत्री ने दिए शत-प्रतिशत बसें सड़कों पर उतारने के सख्त निर्देश

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों और यात्रियों को सुगम व सुरक्षित यात्रा की सुविधा देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन को देखते हुए प्रदेश भर में अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप त्योहार के दौरान बहनों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार संकल्पित है। रक्षाबंधन के पहले और बाद में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए 26 अगस्त से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की शत-प्रतिशत बसों को सड़कों पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने पर जोर दिया है, क्योंकि रक्षाबंधन पर इस क्षेत्र में यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है। इसके साथ ही उन्होंने सभी बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई, पीने के पानी, यात्री प्रतीक्षालयों में लाइट और पंखों की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। यात्रियों को बसों के समय और संचालन की सटीक जानकारी देने के लिए 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रभु एन. सिंह ने समस्त क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली और अलीगढ़-कानपुर के रास्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले मार्गों पर बसों के संचालन से जुड़े वर्तमान प्रतिबंधों में ढील देने के आदेश दिए हैं। यदि पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए शुरुआती प्वाइंट से 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलते हैं, तो अतिरिक्त बस सेवाएं संचालित की जा सकेंगी। एमडी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन अवधि में किसी भी अधिकारी, पर्यवेक्षक, चालक, परिचालक या कार्यशाला कर्मचारी का अवकाश और साप्ताहिक विश्राम स्वीकृत नहीं किया जाएगा। केवल परिवार में किसी की मृत्यु या गंभीर बीमारी जैसी अति-विशिष्ट परिस्थितियों में ही छूट मिलेगी। पर्व अवधि के दौरान उत्कृष्ट और निरंतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी डिपो और क्षेत्रीय अधिकारियों को स्वयं बस स्टेशनों पर उपस्थित रहकर व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि जरूरत के अनुसार तुरंत बसें उपलब्ध कराई जा सकें। परिवहन निगम ने बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे तय बस स्टॉप के साथ-साथ रास्ते में भी संकेत देने पर यात्रियों को बस में चढ़ाएं और उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *