विश्व हाथी दिवस पर लखनऊ चिड़ियाघर के सारस प्रेक्षागृह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
निदेशक संजय कुमार विश्वाल की मौजूदगी में बच्चों को दी गई हाथियों के संरक्षण और बुद्धिमत्ता की जानकारी
लखनऊ। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर बुधवार को नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) स्थित सारस प्रेक्षागृह में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्वाल रहे। इस अवसर पर वन्य जीव चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप, डॉ. बृजेंद्र मणि यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश चंद्र कांडपाल, प्राणि उद्यान के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय कुमार विश्वाल ने कहा कि अन्य जानवरों की तुलना में हाथी अत्यधिक बुद्धिमान जीव होता है। उन्होंने हाथियों की जीवनशैली और उनकी विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने लखीमपुर खीरी वन प्रभाग में अपनी तैनाती के दौरान हाथियों के साथ बिताए गए अपने व्यावहारिक अनुभवों को भी साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं—अभिषेक दुबे, प्रशांत त्रिपाठी और डॉ. बृजेंद्र मणि यादव ने भी हाथियों की प्रकृति, उनके व्यवहार और पर्यावरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़ी विभिन्न जानकारियां बच्चों व उपस्थित लोगों के साथ साझा कीं।

