अमिताभ श्रीवास्तव की लखनऊ व्यापार मण्डल में घर वापसी; सैकड़ों व्यापारियों ने थामा दामन, UPI शुल्क और प्रशासनिक उत्पीड़न के खिलाफ बुलंद की आवाज

Anoop

August 11, 2026

वरिष्ठ व्यापारी नेता अमिताभ श्रीवास्तव ने सैकड़ों समर्थकों के साथ लखनऊ व्यापार मण्डल में पुनः ‘घर वापसी’ की

भूतनाथ (इंदिरा नगर) स्थित वेवियन रेस्टोरेंट में ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में हुए समारोह में स्वागत

लखनऊ। वरिष्ठ व्यापारी नेता अमिताभ श्रीवास्तव ने मंगलवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ लखनऊ व्यापार मण्डल में पुनः ‘घर वापसी’ कर ली। भूतनाथ (इंदिरा नगर) स्थित वेवियन रेस्टोरेंट में ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उनका पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अमिताभ श्रीवास्तव के साथ दीपक चौहान, संतोष त्रिपाठी, कृष्णवीर सिंह, आशीष शर्मा, गौतम सिंह, सूरज यादव, अक्षय जायसवाल और अनुज सिन्हा सहित सैकड़ों व्यापारियों ने लखनऊ व्यापार मण्डल की सदस्यता ग्रहण की।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा कि लखनऊ व्यापार मण्डल सदैव व्यापारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहा है। संगठन की एकजुटता ही व्यापारियों की सबसे बड़ी शक्ति है और सभी व्यापारी एक मंच पर आकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएंगे।

समारोह को संबोधित करते हुए व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि अमिताभ श्रीवास्तव की वापसी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि इस समय लालफीताशाही और कुछ सरकारी अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न चरम पर है। नगर निगम द्वारा जियो टैगिंग के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है, वहीं शहर में अतिक्रमण और ई-रिक्शा संचालन की स्पष्ट नीति न होने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनप्रतिनिधि और प्रशासन समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं, तो व्यापारी लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने यूपीआई (UPI) लेन-देन पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाए जाने की आशंका का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि यूपीआई पर शुल्क लगने से व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे डिजिटल भुगतान व्यवस्था प्रभावित होगी। सरकार को इसे पूर्णतः निःशुल्क ही रखना चाहिए।

वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, उमेश शर्मा और कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन विभिन्न विभागों की जटिल प्रक्रियाओं, अनावश्यक नोटिसों और प्रशासनिक उत्पीड़न के कारण सबसे ज्यादा उपेक्षित महसूस कर रहा है। अमिताभ श्रीवास्तव के व्यापक जनाधार और लंबे अनुभव से संगठन व्यापारियों की लड़ाई और अधिक प्रभावी ढंग से लड़ेगा।

समारोह के उपरांत व्यापारियों ने जुलूस निकालकर पूरे भूतनाथ बाजार का भ्रमण किया तथा व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उत्तम कपूर, जिला महामंत्री अरविंद पाठक, नितिन जैन, अभिषेक सिंह चौहान, सतनाम सिंह, मनीष वर्मा, अभिषेक गुप्ता, चिराग जाखोड़िया और विशाल चौरसिया समेत बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *