पति को छोड़कर प्रेमी के संग भागी युवती की उसी के प्रेमी (दूसरे पति) ने दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में की हत्या
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सूटकेस में बंद कर कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया
वाराणसी/सिलवासा। पति को छोड़कर प्रेमी के संग भागी 20 वर्षीय युवती की उसी के प्रेमी (दूसरे पति) ने दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सूटकेस में बंद कर कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया. करीब दो महीने तक बंद मकान में लाश पड़ी रही. सोमवार को यूपी एसटीएफ (वाराणसी इकाई) और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी प्रेमी को वाराणसी के मंडुवाडीह (चांदपुर) से गिरफ्तार कर लिया है.
दो महीने बाद मकान मालिक ने ताला तोड़ा तो हुआ खुलासा
घटना दादरा और नगर हवेली के सिलवासा स्थित टोकर खाड़ा क्षेत्र की है. गत 3 अगस्त को मकान मालिक जब किसी अन्य किराएदार को कमरा देने के लिए ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ, तो बाथरूम में रखे एक ट्रॉली सूटकेस से उठती असह्य दुर्गंध से मामले का पर्दाफाश हुआ. सूटकेस खोलने पर प्लास्टिक व रस्सियों से बंधा महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय (20), निवासी नवादा (बिहार) के रूप में हुई.
नाम बदलकर वाराणसी में मजदूरी कर रहा था आरोपी
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह (निवासी: सिउर, थाना रोह, जिला नवादा, बिहार) सिलवासा से भागकर वाराणसी आ गया था. वह मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर औद्योगिक आस्थान की ‘शुभकामना रियल टेक’ फैक्टरी में पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था.
सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा. कानूनी कार्रवाई: एसटीएफ के अनुसार, आरोपी ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया, जहाँ से सिलवासा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर दादरा और नगर हवेली ले गई है.
गांव लौटने के विवाद में की हत्या
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ऋषभ ने बताया कि वह अपने ही गांव की शादीशुदा महिला छोटी उपाध्याय से प्रेम करता था. शादी के बाद भी दोनों के बीच संबंध बने रहे और फिर छोटी के कहने पर ही ऋषभ उसे लेकर दादरा नगर हवेली भाग गया, जहाँ दोनों ने शादी कर ली. इस मामले में बिहार के रोह थाने में ऋषभ पर अपहरण का मुकदमा भी दर्ज हुआ था. शादी की जानकारी होने पर दोनों के परिवारों ने उन्हें अपनाने से इनकार कर दिया था.
शादी के बाद छोटी लगातार गांव वापस चलने का दबाव बना रही थी. 9 जून 2026 की सुबह इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और शाम को बहस बढ़ने पर गुस्साए ऋषभ ने छोटी का गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसने शव को रस्सियों से बांधकर प्लास्टिक में लपेटा, ट्रॉली सूटकेस में बंद किया और कमरे पर ताला लगाकर वाराणसी फरार हो गया.
पुलिस एवं एसटीएफ टीम
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली एसटीएफ वाराणसी इकाई की टीम में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, विनय मौर्य और रवि यादव शामिल रहे.

