झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है
सरकार के साथ वार्ता में कुछ बिंदुओं पर सहमति, अभ्यर्थियों ने अपना प्रदर्शन जारी रखने का किया ऐलान
लखनऊ। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन जारी है। हालांकि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच वार्ता में कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी है, लेकिन अभ्यर्थियों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
नई दिल्ली में संसद सत्र में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि झारखंड में सरकार बच्चों से बात कर रही है और उम्मीद है कि कोई रास्ता निकलेगा, लेकिन युवाओं के भविष्य के लिए असली जिम्मेदार भारत सरकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार ने झारखंड के युवाओं को रोजगार देने के लिए क्या कदम उठाए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि यदि केंद्र सरकार सकारात्मक कार्य करती तो राज्य सरकारों को भी इसका लाभ मिलता, लेकिन आज देश में बेरोजगारी और नौजवानों का भविष्य अंधकार में धकेलने के लिए केंद्र सरकार ही जिम्मेदार है।
दूसरी ओर, इस छात्र आंदोलन को व्यापक समर्थन भी मिल रहा है। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट अभ्यर्थियों के लिए प्रदर्शन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का एक प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचा और आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने छात्रों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि वे मजबूती से उनके साथ खड़े हैं और यह लड़ाई जल्द सफलता की ओर बढ़ेगी।

