यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के आगाज से पहले लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान और भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने टीम के इस बार खिताब जीतने की उम्मीद जताई है
लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के आगाज से पहले लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान और भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने टीम के इस बार खिताब जीतने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र के अनुभव से सीख लेते हुए टीम ने इस बार बेहतर संयोजन तैयार किया है और उसका लक्ष्य ट्रॉफी अपने नाम करना है।
लीग का नया सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। इस बार मुकाबले लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। रविवार को इकाना स्टेडियम में मीडिया से बातचीत के दौरान भुवनेश्वर कुमार और युवा क्रिकेटर आराध्य यादव ने लीग, युवा खिलाड़ियों के अवसर और लखनऊ फाल्कन्स की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी।
भुवनेश्वर ने यूपी टी-20 लीग को प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट में उन्हें अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलता है। इससे युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखने और अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि इस लीग से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अपनी पहचान बना सकते हैं और आने वाले समय में इनमें से कई खिलाड़ी आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंच सकते हैं।
लखनऊ फाल्कन्स के युवा खिलाड़ी आराध्य यादव ने भी लीग को अपने क्रिकेट करियर के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी सीख है। मैदान पर प्रदर्शन के अलावा सीनियर खिलाड़ियों की तैयारी, दबाव से निपटने और मैच की परिस्थितियों को समझने के तरीके से भी काफी कुछ सीखा जा सकता है।
टीम की तैयारियों पर बात करते हुए भुवनेश्वर ने माना कि पिछले सत्र में टीम ने लीग चरण में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल में खिताब से एक कदम दूर रह गई थी। इस बार टीम अपनी पिछली कमियों से सीख लेकर मैदान में उतरेगी और कोशिश होगी कि अभियान को खिताबी जीत तक पहुंचाया जाए।

