46वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक अंडर-16 वॉलीबाल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर किया यूपी का नाम रोशन
उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को रविवार को यूपी वॉलीबाल एसोसिएशन ने किया सम्मानित
लखनऊ। 46वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बालक अंडर-16 वॉलीबाल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को रविवार को सम्मानित किया गया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में उत्तर प्रदेश वॉलीबाल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित ‘डा. (मेजर) एनडी शर्मा खेल अलंकरण समारोह’ एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक ने कहा कि वॉलीबाल पूरी तरह से ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़ा खेल है, इसलिए गांव के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेल की मुख्य धारा में शामिल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन राज्य के सभी गांवों में वॉलीबाल और नेट उपलब्ध कराने की योजना पर काम करेगा। इसकी शुरुआत उन गांवों से की जाएगी, जहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रस्तावित ‘किसान वॉलीबाल प्रीमियर लीग’ की ट्रॉफी और टी-शर्ट का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह लीग ग्रामीण प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने में अहम भूमिका निभाएगी।
समारोह में विशिष्ट अतिथि एवं खेल निदेशक डा. आर.पी. सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा. आनन्देश्वर पाण्डेय तथा यूपी भाजपा विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुशील मिश्रा ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के विकास के लिए शुरू की जा रही प्रीमियर लीग की सराहना की।
एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल के हुगली में संपन्न हुई 46वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर वॉलीबाल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। टीम के खिलाड़ियों को ‘डा. (मेजर) एनडी शर्मा खेल प्रतिभा सम्मान’ से नवाजा गया। इसके साथ ही वॉलीबाल में उत्कृष्ट योगदान और 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, वाराणसी संघ के अध्यक्ष डा. अभिमन्यु सिंह और सचिव सर्वेश पाण्डेय को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

