विश्व पर्यावरण दिवस: सीएम योगी ने किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, कहा- पर्यावरण संकट मानव निर्मित आपदा

Prashant

June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर राजधानी लखनऊ के कुकरैल वनक्षेत्र में

सीएम ने वृक्षारोपण कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भव्य शुभारंभ किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर राजधानी लखनऊ के कुकरैल वनक्षेत्र में वृक्षारोपण कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भव्य शुभारंभ किया. इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की. मुख्यमंत्री की इस पहल के तहत आज पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ पांच करोड़ पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का एक बड़ा और ऐतिहासिक संदेश दिया जा रहा है.

मौसम चक्र में बदलाव और आपदाएं इंसान की देन

इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यावरण के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण के जिस गंभीर संकट से जूझ रहा है, वह पूरी तरह से एक मानव निर्मित आपदा है. उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इंसानी गलतियों और प्रकृति के साथ खिलवाड़ के कारण ही हम लोग हर साल मौसम चक्र में खतरनाक बदलाव देख रहे हैं. इसी वजह से कभी अतिवृष्टि (भारी बाढ़) तो कभी अनावृष्टि (भयानक सूखा) जैसी प्राकृतिक विभीषिकाओं का सामना पूरी मानवता को करना पड़ रहा है.

सीएम योगी ने आह्वान किया की “चूंकि यह संकट इंसानों द्वारा ही खड़ा किया गया है, इसलिए इसका समाधान भी हम सबको मिलकर ही निकालना होगा. अब समय आ गया है कि हर एक व्यक्ति पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले कामों से खुद को पूरी तरह दूर कर ले और पर्यावरण को संवारने वाली कड़ियों से जुड़े.”

यूपी में महाअभियान की शुरुआत

कुकरेल वनक्षेत्र में खुद पौधा लगाने के बाद सीएम योगी ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक आंदोलन है. प्रदेश भर में आज चलाए जा रहे इस पांच करोड़ वृक्षारोपण महाअभियान का उद्देश्य न सिर्फ हरित क्षेत्र को बढ़ाना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करना भी है. मुख्यमंत्री ने राज्य के हर नागरिक, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *