यूपी पुलिस में बंपर भर्तियां: 81 हजार से अधिक पदों पर प्रक्रिया तेज, 8 जून से शुरू होगी आरक्षी भर्ती परीक्षा

Anoop

May 30, 2026

पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की एक उच्च स्तरीय बैठक में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा

पुलिस विभाग में होने वाली हर एक भर्ती पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ समय-सीमा में हो

लखनऊ उत्तर प्रदेश पुलिस बल को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की एक उच्च स्तरीय बैठक में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में होने वाली हर एक भर्ती पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और मजबूत करने तथा आरक्षण मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि वर्तमान में प्रदेश पुलिस बल में 81,472 पदों पर सीधी भर्ती और 9,406 पदों पर पदोन्नति (Promotion) की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा की शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 किस संवर्ग में कितनी हो रही हैं भर्तियां?

पुलिस विभाग में अलग-अलग संवर्गों के तहत चल रही 81,472 भर्तियों का विवरण इस प्रकार है:

  • होमगार्ड्स: 41,424 पद
  • आरक्षी नागरिक पुलिस (Constable) एवं समकक्ष: 32,679 पद
  • उप निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष: 4,543 पद
  • कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए: 1,352 पद
  • कुशल खिलाड़ी भर्ती: 637 पद
  • गोपनीय व लिपिकीय संवर्ग (SI/ASI): 537 पद
  • मृतक आश्रित भर्ती: 201 पद
  • प्रोग्रामर ग्रेड-2 व रेडियो सहायक परिचालक: 99 पद

परीक्षाओं और नतीजों का पूरा टाइमलाइन

समीक्षा बैठक के दौरान आगामी परीक्षाओं और उनके अंतिम परिणामों को लेकर एक स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया:

  • आरक्षी (Constable) भर्ती परीक्षा: इस महा-भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 08, 09 और 10 जून, 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 28 लाख अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे। इसका अंतिम चयन परिणाम अक्टूबर 2026 के आखिरी सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
  • उप निरीक्षक (SI) भर्ती-2025: इसके लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) जून में कराया जाएगा, जबकि अंतिम परीक्षा परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में आ जाएगा।
  • होमगार्ड्स नामांकन-2025: इस प्रक्रिया के तहत DV/PST जुलाई में और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) अगस्त में होगी। इसका अंतिम परिणाम सितम्बर के दूसरे सप्ताह में जारी कर दिया जाएगा।
  • कुशल खिलाड़ी भर्ती: सभी 25 खेल विधाओं का ट्रायल और परीक्षण पूरा हो चुका है। इसका अंतिम परिणाम जून 2026 के दूसरे सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है।

नियमों को सरल बनाने और पदोन्नति तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में ‘मृतक आश्रित’ कोटे के तहत होने वाली भर्तियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता दिखाने की हिदायत देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाए और नियमों को जितना हो सके सरल बनाया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहारा मिल सके।

बैठक में यह महत्वपूर्ण आंकड़े भी सामने आए कि वर्ष 2017 से लेकर मई, 2026 तक के सेवाकाल में भर्ती बोर्ड द्वारा रिकॉर्ड 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है, जबकि इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कर्मियों को समय पर पदोन्नति देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश के सबसे बड़े सुरक्षा बलों में से एक है, इसलिए योग्य युवाओं को बिना किसी देरी के अवसर प्रदान कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लगातार चाक-चौबंद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *