यूपी में 5 जून से शुरू होगा महा-जनसम्पर्क अभियान: हर विधानसभा में निकलेगी ‘प्रगति पथ यात्रा’, मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा की

Anoop

May 30, 2026

उत्तर प्रदेश में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर     

5 से 21 जून तक एक बड़ा जनसम्पर्क अभियान शुरू होने जा रहा है

लखनऊ उत्तर प्रदेश में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक बड़ा जनसम्पर्क अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमण्डल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। आगामी 5 जून से 21 जून, 2026 तक चलने वाले इस 17 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘डबल इंजन’ सरकार की विकास योजनाओं, सुशासन और गरीब कल्याण की उपलब्धियों को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि इस अभियान को सरकारी कार्यक्रम के बजाय जनता की व्यापक भागीदारी के साथ एक ‘सशक्त जनआंदोलन’ बनाया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सामाजिक न्याय और वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छुआ है। स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान कल्याण, महिला सुरक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, उन्हें प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से साझा किया जाएगा।

जानिए कब, क्या होगा: अभियान का पूरा कार्यक्रम

  • 05 से 21 जून (प्रगति पथ यात्रा): प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर की ‘प्रगति पथ यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके तहत सांसद और विधायक गांवों में चौपाल लगाएंगे, स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे और गांवों में रात्रि विश्राम भी करेंगे।
  • 05 जून (विश्व पर्यावरण दिवस): अभियान की शुरुआत एक पेड़ मां के नाम के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण से होगी। साथ ही पूरे प्रदेश को सिंगल-यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
  • 08 से 14 जून: इस दौरान पूरे राज्य में सघन जनसम्पर्क, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च निकाले जाएंगे।
  • 11 से 14 जून (मीडिया संवाद): सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मीडिया के माध्यम से जनता के सामने विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखेंगे।
  • 14 से 16 जून (जनकल्याण मेले): सभी विकास खण्डों और नगर निकायों में जनकल्याण, आरोग्य और पशु स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा, जहां वंचित पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
  • 16 17 जून: जिला स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ होंगे, जिसमें योजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे।
  • 18 19 जून: केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली विशेष और आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। युवाओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिताएं भी होंगी।
  • 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस): प्रदेश के सभी 825 विकास खण्डों और 700 से अधिक नगरीय निकायों में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रमों के आयोजन के साथ इस महा-अभियान का समापन होगा।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को वन-टू-वनसंवाद के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में पूरा समय बिताने और हर कार्यक्रम में खुद सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि समाज के प्रबुद्ध जनों, डॉक्टरों, शिक्षाविदों, व्यापारियों और युवाओं के साथ सीधा (वन-टू-वन) संवाद करें। इसके अलावा, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विशेषज्ञों व किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को और ग्रामीण विकास के लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इस अभियान से विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहकर जनता की अपेक्षाओं को समझने और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *