अटूट हौसलों से संवर रही गाँवों की तकदीर: मातृभूमि योजना के तहत उन्नाव में खुला अनूठा कला केंद्र, ‘फुट पेंटर’ शीला शर्मा बनीं नजीर

Prashant

May 27, 2026

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मातृभूमि योजना’ के तहत शीला क्रिएशन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

उन्नाव मोहान में यूपी के पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने किया भव्य उद्घाटन

लखनऊ/उन्नाव उत्तर प्रदेश के गाँवों को आत्मनिर्भर और साधन-संपन्न बनाने का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प अब ‘मातृभूमि योजना’ के जरिए हकीकत में बदल रहा है। इसी कड़ी में जनपद उन्नाव की ग्राम पंचायत कमालपुर में एक अत्याधुनिक कला प्रशिक्षण केंद्र का भव्य लोकार्पण किया गया। यह केंद्र न केवल कला की नर्सरी बनेगा, बल्कि ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा।

इस कला केंद्र की सबसे खास बात यह है कि इसकी प्रेरणा और मुख्य सहयोगी स्वयं प्रदेश की विश्व विख्यात दिव्यांग फुट पेंटर शीला शर्मा हैं। दोनों हाथ न होने के बावजूद अपने पैरों से कैनवास पर जीवन के रंग उकेरने वाली फुटपेंटर शीला शर्मा ने मुख्यमंत्री की जन-भागीदारी नीति से प्रभावित होकर इस केंद्र के निर्माण में 60 प्रतिशत की सहयोग राशि प्रदान की है।

भव्य समारोह में मौजूद रहे दिग्गज

कला केंद्र का लोकार्पण प्रदेश के पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने किया। समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए यूपी ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ श्री मनोज कुमार सिंह और मोहान के विधायक श्री बृजेश कुमार रावत, फुट पेंटरशीला शर्मा के जीवन साथी वरिष्ठ मूर्तिकार सुधीर शर्मा, मूर्तिकार सुरेंद्र यादव, विशेष सहयोगी विनोद यादव, बेटियां हर्षिता और अराध्या एवं मां भगवती देवी, सृजनकर्मी धर्मा, कला अध्यापक सुमित कश्यप, मूर्तिकार समशेर, कलाकार सियाराम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिरकत की, जिनमें पंचायती राज विभाग के निदेशक, उप-निदेशक और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। इन सभी की मौजूदगी में ग्रामीण विकास और जन-भागीदारी के इस नए अध्याय का स्वागत किया गया।

भावुक क्षण: परिवार के साथ साझा की सफलता की खुशी

लोकार्पण समारोह केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि एक परिवार के संघर्ष और समर्पण की विजय गाथा का गवाह भी बना। इस गौरवमयी अवसर पर शीला शर्मा का पूरा परिवार उनके साथ खड़ा नजर आया। समारोह में उनके जीवन साथी और वरिष्ठ मूर्तिकार श्री अनूप शर्मा मौजूद रहे, जिन्होंने हर कदम पर शीला की कलात्मक यात्रा का साथ दिया है। इसके साथ ही शीला शर्मा की दोनों बेटियाँ और उनकी माता जी भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनीं। अपनी बेटी को समाज के लिए इतना बड़ा योगदान देते देख माँ की आँखें खुशी से भर आईं।

कला केंद्र: ग्रामीण हुनर को मिलेगी नई उड़ान

मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने इस अवसर पर कहा कि ‘मातृभूमि योजना’ के जरिए योगी सरकार पंचायतों का कायाकल्प कर रही है। उन्होंने कहा कि शीला शर्मा ने अपनी माटी का कर्ज चुकाकर समाज के सामने एक महान उदाहरण पेश किया है।

इस कला केंद्र में गाँव के बच्चों को चित्रकला, हस्तशिल्प, सिलाई, संगीत और नृत्य का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण बिना किसी शुल्क के दिया जाएगा। बच्चों को निशुल्क कला सामग्री के साथ-साथ प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा ताकि आर्थिक तंगी हुनर के आड़े न आए। महिलाओं को वस्त्र डिजाइनिंग और हस्तशिल्प से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

“अब कोई बच्चा अवसरों से वंचित नहीं रहेगा”

समारोह को संबोधित करते हुए शीला शर्मा ने मुख्यमंत्री और पंचायती राज विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं वर्षों से सपना देखती थी कि गाँव के बच्चों को वह मंच मिले जो मुझे बड़ी मुश्किल से मिला।आज मातृभूमि योजना ने मेरे इस सपने में रंग भर दिए हैं। अब कमालपुर का हर बच्चा अपने हुनर से देश का नाम रोशन कर सकेगा।”

उन्नाव का यह कला प्रशिक्षण केंद्र अब उत्तर प्रदेश के लिए एक मिसाल बन चुका है। यह साबित करता है कि अगर इच्छाशक्ति दृढ़ हो और सरकार का सहयोग मिले, तो शारीरिक बाधाएं भी सपनों की उड़ान को नहीं रोक सकतीं। विभागीय अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में प्रदेश की कला और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *