यूपी टी20 लीग सीजन 4 का रोडमैप घोषित: 14 अगस्त से शुरू होगा रोमांच, सोनी पर होगा प्रसारण

Prashant

May 27, 2026

14 अगस्त से सजेगा मैदान, टीमों के लिए नई रिटेंशन और पर्स नीति तय

ट्रांसफर व ट्रायल विंडो की तारीखें सुनिश्चित प्रसारण व होगा व्यावसायिक विस्तार

 

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) ने आज ग्रीन पार्क स्थित अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान यूपी टी20 लीग सीजन 4 का विस्तृत रोडमैप जारी किया । लीग के इस आगामी सीजन का मुख्य फोकस “समेकन एवं प्रभावी क्रियान्वयन” पर रहेगा, ताकि इसे पेशेवर स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके । सीजन 4 का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा । इस बार भी प्रदेश भर की छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी । यूपीसीए का लक्ष्य इस लीग को भारत की सबसे प्रतिस्पर्धी और पेशेवर घरेलू टी-20 लीगों में शामिल करना है ।

लीग को और अधिक रोमांचक और संतुलित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जिसमें फ्रेंचाइजी टीमें न्यूनतम 6 और अधिकतम 12 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी, जिससे टीम में निरंतरता बनी रहे ।  प्रत्येक टीम में 23 से 25 खिलाड़ी होंगे । इनमें नीलामी के जरिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय कैचमेंट क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी मौका दिया जाएगा ।

हर टीम के लिए खिलाड़ियों पर खर्च करने हेतु 1.25 करोड़ रुपये का पर्स निर्धारित किया गया है । इसके अलावा उभरते खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम फीस संरचना को भी बरकरार रखा गया है । खिलाड़ियों और टीमों के लिए महत्वपूर्ण समय सीमाएं भी घोषित कर दी गई हैं। ट्रांसफर विंडो: 1 जून से 15 जून 2026 तक । ट्रायल विंडो: 1 जून से 30 जून 2026 तक । टैलेंट हंट: जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को पहचानने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठित ट्रायल आयोजित किए जाएंगे ।

सीजन 4 की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इसका प्रसारण सोनी (SONY) नेटवर्क द्वारा किया जाएगा । इसके अतिरिक्त, लीग में सेलिब्रिटी पार्टनरशिप मॉडल को भी प्रस्तावित किया गया है, जिसके तहत सीमित इक्विटी भागीदारी के साथ ब्रांडिंग और प्रमोशन को मजबूती दी जाएगी । प्रशंसकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए नीलामी के बाद सभी फ्रेंचाइजी शहरों में ट्रॉफी टूर भी आयोजित किया जाएगा ।

यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि सीजन 4 एक महत्वपूर्ण चरण है, जहां ध्यान पारदर्शी और पेशेवर लीग के निर्माण पर है । उन्होंने लीग को देश की सबसे मूल्यवान घरेलू लीग बनाने की प्रतिबद्धता जताई । UPCA के मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि यह लीग प्रदेश के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच है । उन्होंने बताया कि इस सीजन में ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अवसर मिल सकें ।

इस पत्रकार वार्ता के दौरान सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी भी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *