लामार्टिनियर कॉलेज के घरेलू कोर्ट पर खेले जा रहे आइटा सीएस-7 (अंडर-18)
बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार का दिन मेजबान खिलाड़ियों के नाम
लखनऊ। लामार्टिनियर कॉलेज के घरेलू कोर्ट पर खेले जा रहे आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार का दिन मेजबान खिलाड़ियों के नाम रहा। एसडीएस (SDS) टेनिस अकादमी द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के बालक एकल मुख्य ड्रा (राउंड 32) के मुकाबलों में लामार्टिनियर कॉलेज के छात्र अश्विन चौहान और देवांश विज ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर प्री-क्वार्टर फाइनल (अंतिम 16) में जगह पक्की कर ली है।
अश्विन और देवांश के साथ ही शीर्ष वरीयता प्राप्त फैज किदवई सहित अन्य कई वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर का टिकट कटाया। लामार्टिनियर कॉलेज के छात्र और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे अश्विन चौहान ने बिहार के अमन सिंह के खिलाफ तीन सेटों तक चला बेहद रोमांचक मुकाबला जीता।
अश्विन ने पहला सेट 6-1 से अपने नाम किया, लेकिन दूसरा सेट 4-6 से गंवा बैठे। इसके बाद तीसरे सेट के कड़े सुपर टाईब्रेक में उन्होंने बेहतरीन वापसी करते हुए मैच को 6-1, 4-6, 10-8 से अपने पक्ष में कर लिया। वहीं, लामार्टिनियर के ही एक अन्य छात्र देवांश विज ने अदम्य सिंह के खिलाफ एकतरफा खेल दिखाया और सीधे सेटों में 6-2, 6-0 से आसान जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
शीर्ष और वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों की दमदार जीत
फैज किदवई की एकतरफा जीत: शीर्ष वरीयता प्राप्त यूपी के फैज किदवई ने उत्तराखंड के शौर्य बिष्ट को कोई मौका नहीं दिया और 6-0, 6-0 के स्कोर से करारी शिकस्त दी।तीसरी वरीयता प्राप्त मेहर खोसला ने यूपी के अक्षत त्यागी को 6-1, 6-3 से मात दी। चौथी वरीयता प्राप्त वंशराज जलोटा ने शौर्य सिंह को 6-1, 6-1 से आसानी से हराया।पांचवीं वरीयता प्राप्त तेलंगाना के अंकित ने यूपी के नीलोत्पल सिंह को 6-1, 6-0 से हराकर अगले दौर में कदम रखा।
सुपर टाईब्रेक के अन्य रोमांचक मुकाबले
सोमवार को खेले गए कुछ अन्य मैचों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिनका फैसला तीसरे सेट के सुपर टाईब्रेकर से हुआ। यूपी के मोहम्मद आरिज ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की और अमर्त्य चौधरी को 1-6, 6-2, 10-8 से हराया। महाराष्ट्र के निपुन चौहान ने भी यूपी के अभिउदय सिंह के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद जोरदार पलटवार करते हुए 2-6, 7-5, 10-4 से जीत दर्ज की।
अन्य मैचों के परिणाम:
यूपी के सात्विक गुप्ता ने समर्थ भटनागर को 6-0, 6-2 से हराया।यूपी के आदित्य वैभव ने विशेष शुक्ला को 6-2, 6-0 से मात दी।यूपी के रोहिन राज ने अर्जुन शर्मा को 6-3, 6-0 से पराजित किया। यूपी के रिशांत जायसवाल ने बिहार के आकाशदीप प्रसाद को 6-1, 6-1 से शिकस्त दी। यूपी के विराट सिंह ने एकाग्र सिंह को 6-1, 6-0 से हराया। यूपी के ध्रुव सिंह ने मनन कपूर को 6-0, 6-0 से करारी मात दी। प्रणव शर्मा ने हर्षवर्धन सिंह को 6-3, 6-2 से पराजित किया। यूपी के अनुरुद्ध कुमार ने एकांश चंद्रा को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से हराकर अंतिम 16 में अपनी जगह सुरक्षित की।

