मुफ्त ट्रेनिंग के साथ किट और बेल्ट परीक्षा का खर्च भी उठाएगी संस्था
संगठन का विस्तार: डॉ. अमित चेयरमैन और अभिषेक कार्यकारी अध्यक्ष बने
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ताइक्वांडो खिलाड़ियों, कोचों (प्रशिक्षकों) और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं देने के उद्देश्य से ‘लखनऊ स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो कमेटी’ की एक अहम आम सभा का आयोजन किया गया। राजाजीपुरम के सूर्य नगर स्थित लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज में हुई इस बैठक में दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए।
कमेटी की बैठक में घोषणा की गई कि संस्था दिव्यांग खिलाड़ियों को न केवल पूरी तरह से निशुल्क (फ्री) ताइक्वांडो ट्रेनिंग उपलब्ध कराएगी, बल्कि उनकी खेल ड्रेस, कलर बेल्ट परीक्षा की फीस और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का पूरा खर्च भी खुद वहन करेगी। नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक बाजपेई ने बताया कि लखनऊ जिले में यह पहली ऐसी ताइक्वांडो संस्था होगी जो दिव्यांग खिलाड़ियों को इस तरह की 100% निशुल्क सुविधाएं देने जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य फोकस लखनऊ के खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग देने के साथ जिले में ताइक्वांडो खेल का बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार करना है।
फर्जी आई-कार्ड शुल्क से सावधान रहने की अपील
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन (पंजीकृत) के महासचिव हरीश पाल शामिल हुए। उन्होंने खेल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कलर बेल्ट परीक्षा और प्रतियोगिताओं के शुल्क में जरूरी सुधार करने का भरोसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रशिक्षकों को सचेत करते हुए एक महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि काफी समय से ‘ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (TFI) द्वारा कोई भी आई-कार्ड जारी नहीं किया जा रहा है। इसलिए सभी कोच और खिलाड़ी सतर्क रहें और आई-कार्ड के नाम पर किसी को भी किसी प्रकार का कोई शुल्क न दें।
सभा के दौरान सर्वसम्मति से संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिसमें डॉ. अमित सिंह को लखनऊ जिले का चेयरमैन मनोनीत किया गया। अभिषेक बाजपेई को सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष इरफान शेख, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वर्षा मौर्य और उपाध्यक्ष अनिल सिंह सहित लखनऊ के कई ताइक्वांडो प्रशिक्षक और खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का लक्ष्य
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव अतुल यादव ने आए हुए सभी अतिथियों और कोचों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्था का एकमात्र उद्देश्य जिले के होनहार खिलाड़ियों को तराश कर राष्ट्रीय (नेशनल) स्तर तक पहुंचाना और कोचों को एक मजबूत और सुरक्षित मंच प्रदान करना है। उन्होंने लखनऊ के सभी ताइक्वांडो प्रशिक्षकों से एकजुट होकर इस खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपील की।

