स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय की नई पहल: छात्रावासों और विभागों में ‘फर्स्ट एड किट’ दी गई

Anoop

April 21, 2026

·  कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने आरोग्य भवन (डिस्पेंसरी) में ‘फर्स्ट एड किट’ वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया

·  परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्टूडेंट्स की सुरक्षा व स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स के स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने मुख्य परिसर स्थित आरोग्य भवन (डिस्पेंसरी) में ‘फर्स्ट एड किट’ वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम स्टूडेंट्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अमिता कनौजिया ने बताया कि यह फर्स्ट एड किट विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों, कुलानुशासक (चीफ प्रॉक्टर) कार्यालय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय, परीक्षा प्रकोष्ठ और अन्य महत्वपूर्ण केंद्रों को उपलब्ध कराई गई है।

पढ़ाई या परीक्षाओं के दौरान स्टूडेंट्स को होने वाली छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे—सिर दर्द, पेट दर्द, हल्का बुखार या मामूली चोट लगने पर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके। प्राथमिक चिकित्सा के बाद आवश्यकता होने पर स्टूडेंट्स को विस्तृत इलाज के लिए आरोग्य भवन भेजा जाएगा।

कुलपति प्रो. सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन स्टूडेंट्स के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में गांधी पार्क (टैगोर लाइब्रेरी के सामने) सुबह के समय नियमित योग कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, ताकि स्टूडेंट्स तनावमुक्त रहकर अपनी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।

इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अमिता कनौजिया, चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, रजिस्ट्रार डॉ. भावना मिश्रा, और चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *