हीरक जयंती पर विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
स्मृतियों का संगम: राजनीति और पत्रकारिता के आत्मीय संबंधों का संस्मरण
लखनऊ। लखनऊ के उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान स्थित निराला सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। ‘रंगभारती’ एवं ‘उत्तर प्रदेश नागरिक परिषद’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ (हीरक जयंती) अत्यंत उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ राजनेता 86 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र को ‘कर्मवीर राजनेता रंगभारती सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने रंगभारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “श्याम कुमार जी के लिए उम्र बाधा नहीं बल्कि एक अवसर है। उनका जज्बा हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने ही 1985 में इस आयोजन की नींव रखी थी।” श्री पाठक ने उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे राम-कृष्ण की पावन धरा और संगम की भूमि बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि श्याम कुमार जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाजसेवा और परोपकार के लिए समर्पित कर दिया है।
विभूतियाँ हुईं सम्मानित
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया:
चिकित्सा (धन्वन्तरि सम्मान): डॉ. अतुल अग्रवाल, डॉ. कविता आर्य और डॉ. अरुण कुमार भट्ट। अभियांत्रिकी (विश्वेश्वरैया सम्मान): श्री शब्बीर अहमद। खेल (ध्यानचंद सम्मान): प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मोहम्मद दानिश। कला एवं संस्कृति: डॉ. राकेश निगम (नाट्य), प्रदीप अली (गायन) और विजय वास्तव (लाइफटाइम अचीवमेंट)। समाजसेवा एवं कर्तव्य: श्रीमती वर्षा वर्मा, श्री दिनेश कुमार सहगल, श्री कमलेश पाठक सहित अन्य 10 विभूतियों को ‘कर्तव्यभूषण’ से नवाजा गया।

स्मृतियों का संगम
सम्मान ग्रहण करने के वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “जब भाजपा एक छोटा संगठन थी, तब श्याम जी हमारे साथ दरी बिछाकर बैठते थे। उस दौर के पत्रकारों और कार्यकर्ताओं के बीच गहरा आत्मीय संबंध था, जो आज भी कायम है।”
कार्यक्रम के अंत में रंगभारती के अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार श्याम कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, साहित्यकार और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश की स्थापना की अधिसूचना 24 जनवरी, 1950 को जारी हुई थी। रंगभारती संस्था पिछले 41 वर्षों से निरंतर इस गौरवशाली दिवस को मनाती आ रही है।

