विश्व फोटोग्राफी दिवस पर CAPS की 6वीं अखिल भारतीय छायाचित्र प्रदर्शनी का हुआ भव्य उद्घाटन

Anoop

August 19, 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस पर CAPS की छठी अखिल भारतीय छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

18-20 अगस्त तक आयोजित इस प्रदर्शनी में 80 कलाकारों के 155 छायाचित्र, 100 वर्ष पुरानी पुस्तकें और दो फोटोग्राफी कार्यशालाएं शामिल हैं

लखनऊ विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर कॉलेज ऑफ आर्ट्स फोटोग्राफिक सोसाइटी (CAPS) द्वारा आयोजित 6ठी अखिल भारतीय छायाचित्र प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन फाइन आर्ट हॉल में सम्पन्न हुआ। 18 से 20 अगस्त 2026 तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रदर्शनी हर रोज सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी।

मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने छायाचित्रों की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें समाज का आईना होती हैं। 19वीं सदी के बाद से दो शताब्दियों की अपनी यात्रा में फोटोग्राफी केवल तकनीक तक सीमित न रहकर समय, समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को दर्ज करने की महत्वपूर्ण भाषा बन गई है। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने 1957 में स्थापित CAPS द्वारा कला के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर सराहनीय प्रयासों को रेखांकित किया। वहीं कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कहा कि आज मोबाइल तकनीक से तस्वीर बनाना तो आसान हुआ है, लेकिन एक बेहतरीन तस्वीर के लिए तकनीक से अधिक दृष्टि, संवेदना और रचनात्मकता आवश्यक है। अंत में कॉलेज के प्रिंसिपल रतन कुमार ने सभी अतिथियों, आयोजन समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस वर्ष प्रदर्शनी में देशभर के 80 प्रतिभागियों के 155 चयनित छायाचित्रों (43 श्वेत-श्याम तथा शेष रंगीन) को प्रदर्शित किया गया है। इसमें संस्थान के वर्तमान छात्रों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों के अलावा देश भर के छायाकारों और कॉलेज के प्रख्यात कला-मनीषियों प्रो. जय कृष्ण अग्रवाल एवं प्रो. पी.सी. लिटल के छायाचित्र भी शामिल हैं। यह प्रदर्शनी प्रख्यात छायाकार रघु राय की स्मृति को समर्पित की गई है।

प्रदर्शनी में फोटोग्राफी के इतिहास, तकनीक और विकास को समझाने वाली एक शताब्दी से भी अधिक पुरानी दुर्लभ ऐतिहासिक पुस्तकों का विशेष प्रदर्शन किया गया है। विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में 19 अगस्त को ‘फैशन फोटोग्राफी’ तथा 20 अगस्त को ‘पोर्ट्रेट प्रकाश व्यवस्था’ पर विशेषज्ञ कार्यशालाओं का आयोजन हो रहा है। प्रतिभागी ऑन-स्पॉट पंजीकरण कराकर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं आयोजन समन्वयक अतुल हूंडू हैं। आयोजन को सफल बनाने में मयंक रस्तोगी, वेदांत शुक्ला, यश, यशवी, सौरभ, अक्षत और सौम्या सहित अन्य छात्र-छात्राओं की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान मॉडर्न अकादमी, नेशनल पीजी कॉलेज और एमिटी यूनिवर्सिटी सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने पहुंचकर कलाकृतियों का अवलोकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *