लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों द्वारा बटलर पैलेस स्थित सेशन्स हाउस से जनपद न्यायालय तक एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया
प्रभारी जिला जज नीतू पाठक के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में अधिकारियों ने ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ के नारों के साथ आम जनता को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों द्वारा एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली लखनऊ की प्रभारी जिला जज/एडीजे नीतू पाठक के नेतृत्व में अत्यंत उत्साह के साथ निकाली गई। शनिवार को बटलर पैलेस स्थित सेशन्स हाउस से शुरू हुई इस रैली को प्रभारी जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके बाद सभी न्यायिक अधिकारी साइकिल चलाते हुए हजरतगंज और परिवर्तन चौक होते हुए जनपद न्यायालय (कोर्ट) परिसर पहुंचे। रैली के दौरान अधिकारियों ने ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ और ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के संदेश वाले बैनर व तख्तियां ले रखी थीं।
शाम को न्यायालय का कार्य समय समाप्त होने के बाद यह रैली ठीक 5:00 बजे जनपद न्यायालय परिसर से वापस सेशन्स हाउस के लिए रवाना हुई, जहाँ वापसी मार्ग पर भी आम जनता ने न्यायिक अधिकारियों की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर प्रभारी जिला जज नीतू पाठक ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या में साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है और प्रदूषण कम करने व आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने के लिए हम सभी को व्यक्तिगत व सार्वजनिक जीवन में ऐसे छोटे प्रयास करने होंगे। इस रैली में लखनऊ जनपद के विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारी और सुरक्षा बल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

