निशानेबाजी के दिग्गज जसपाल राणा के निधन पर यूपीओए ने दी श्रद्धांजलि, खेल जगत में शोक की लहर

Anoop

June 15, 2026

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन (यूपीओए) ने गहरा दुख व्यक्त किया है

यूपीओए सभागार में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया

लखनऊ भारतीय निशानेबाजी के इतिहास के सबसे सफल और प्रतिष्ठित खिलाड़ियों में से एक, पद्मश्री जसपाल राणा के आकस्मिक निधन पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन (यूपीओए) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रविवार को यूपीओए सभागार में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

देश के लिए अपूरणीय क्षति: डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय

यूपीओए के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने अपने शोक संदेश में जसपाल राणा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने 1996 के अटलांटा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में कई स्वर्ण व अन्य पदक जीतकर देश का गौरव वैश्विक पटल पर बढ़ाया। वह भारतीय निशानेबाजी टीम के पिस्टल वर्ग के हाई-परफॉर्मेंस कोच भी थे। उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर सहित देश के कई शीर्ष निशानेबाजों को तराशा और उनका मार्गदर्शन किया।

जसपाल राणा को खेल क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री, अर्जुन अवार्ड और द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका था। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने एक शोक संदेश प्रेषित कर जसपाल राणा के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा, विधिक समिति के चेयरमैन राकेश शुक्ला, पूर्व सचिव हरीश शर्मा, उत्तर प्रदेश वुशू एसोसिएशन के सचिव मनीष कक्कड़, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव संदीप मिश्रा सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक व यूपी हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह, यूपीओए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिजीत सरकार, कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, उत्तर प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एके त्रिपाठी, कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष टीपी हवेलिया व सचिव जसपाल सिंह, और यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह समेत कई खेल दिग्गजों ने भी अपनी शोक संवेदनाएं प्रेषित कर महान खिलाड़ी को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *