उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी सम्मान समारोह-2026: 51 विशिष्ट कलाकार सम्मानित

Prashant

June 5, 2026

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा ‘अकादमी सम्मान समारोह-2026’ आयोजित  

समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया कलाकारों को सम्मानित

लखनऊ लखनऊ के जन भवन स्थित गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा ‘अकादमी सम्मान समारोह-2026’ हुआ। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 के लिए चयनित कुल 51 विशिष्ट कलाकारों को संगीत, नृत्य, नाटक एवं लोककलाओं के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, उत्कृष्ट सृजन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए अकादमी सम्मान से विभूषित किया।

कला और संस्कृति समाज के उत्थान का सशक्त साधन: राज्यपाल

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का प्रेरणादायी संदेश उपस्थित जनसमूह के समक्ष पढ़कर सुनाया। अपने संदेश में राज्यपाल महोदया ने सभी सम्मानित कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल व सृजनशील भविष्य की कामना की। उन्होंने कला के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्थान का एक सशक्त साधन है। संस्कृति केवल विरासत नहीं, बल्कि एक उत्तरदायित्व है, जिसे सहेजना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।”

राज्यपाल ने आधुनिकता और तकनीकी क्रांति के इस दौर में लोक संगीत, लोकनाट्य और लोकगीतों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि अकादमी द्वारा अब तक 5500 घंटे से अधिक की दुर्लभ ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित की जा चुकी हैं। साथ ही, लच्छू महाराज की स्मृति में ‘नमन’, ग़ज़ल विधा को समर्पित ‘यादें’ और स्थापना दिवस पर ‘धरोहर’ जैसे सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी विशेष रूप से उल्लेख किया कि जन भवन में पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत राजकीय बालिका गृह की बालिकाओं को कथक, भरतनाट्यम व लोक कलाओं का प्रशिक्षण देकर उनमें आत्मविश्वास और स्वाभिमान का विकास किया जा रहा है।

कलाकारों के साथ सदैव खड़ी है सरकार: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार कलाकारों और लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। लोक कलाकारों के विकास के लिए सरकार तथा जन भवन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की अपील करते हुए प्रत्येक नागरिक से एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।

विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने सभी अतिथियों, सम्मानित कला साधकों और आयोजन को सफल बनाने वाले सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो जयन्त खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह, संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार सिंह, अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर सहित कला जगत की अनेक प्रतिष्ठित विभूतियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *