संगीत नाटक अकादमी, गोमती नगर लखनऊ में हुआ सावन कार्यक्रम
पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने राज्यपाल को पुस्तक “चंदन किवाड़“ भेंट की, गाए लोकगीत
लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल संत गोमती नगर लखनऊ के संगीत नाटक अकादमी में हुए कार्यक्रम सावन में शामिल हुईं। इस अवसर पर वरिष्ठ लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने अपनी पुस्तक “चंदन किवाड़“ भेंट की। मालिनी अवस्थी ने अपने सुमधुर पारंपरिक लोकगीतों से सभी को आनंदित कर दिया। एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति पूरा वातावरण सावनमय हो उठा।
राज्यपाल ने कहा कि जब महिलाएं मंच पर इतने आत्मविश्वास के साथ कला प्रस्तुत करती हैं, तो देखकर खुशी होती है। उन्होंने लखनऊ के डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित नाट्य मंचन “हमारे राम“ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रामायण से चरित्र निर्माण की सीख मिलती है, जो आज के समाज में अत्यंत आवश्यक है। बच्चों, युवाओं और परिवारों को ऐसे चरित्रों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
साहित्यकार पद्मश्री डॉ विद्या विन्दु सिंह, प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति मांडवी सिंह व अनेक संगीतप्रेमी मौजूद रहे।