प्रथम चरण के 23 बस स्टेशनों में से 11 पर निर्माण कार्य शुरू, 09 स्टेशनों के मानचित्र स्वीकृत होने से जल्द प्रारंभ होगा काम
दूसरे चरण के 49 बस स्टेशनों में 5 कैबिनेट अनुमोदन को भेजे, 24 स्टेशनों की फाइनेंशियल बिड की कार्यवाही एक दिसम्बर को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में परिवहन निगम के सभागार कक्ष में पीपीपी मॉडल पर निर्मित हो रहे बस अड्डों की कार्य प्रगति को लेकर कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने प्रगतिशील निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि निर्मित हो रहे बस स्टेशनों की 34 परियोजनाओं में से 08 परियोजनाओं की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है, जबकि शेष परियोजनाओं की डीपीआर 03 दिसम्बर, 2026 तक निगम मुख्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने संचालित कार्यों की गुणवत्ता एवं मानक की जांच थर्ड पार्टी से कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में निर्मित होने वाले 23 बस स्टेशनों में से 11 पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है तथा 09 बस स्टेशनों के डिटेल ड्राइंग सबमिशन के बाद संबंधित विकास प्राधिकरणों से मानचित्र स्वीकृत हो चुके हैं, जिन पर जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
परिवहन मंत्री ने आगे बताया कि परियोजना के द्वितीय चरण में बनने वाले 49 बस स्टेशनों में से 05 बस स्टेशनों को विकसित किए जाने हेतु कैबिनेट के अनुमोदन के लिए प्रेषित किया गया है, जबकि शेष 36 बस स्टेशनों के लिए पुनः निविदा आमंत्रित की गई है। वहीं 24 बस स्टेशनों के लिए बिड प्राप्त हो गई हैं और टेक्निकल परीक्षण का कार्य चल रहा है, जिन पर 01 दिसम्बर, 2026 को फाइनेंशियल बिड के संबंध में आगे की कार्यवाही की जाएगी।

