मुख्यमंत्री ने गोण्डा में देवीपाटन मण्डल के 46,800 युवाओं को वितरित किए टैबलेट; कहा- टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें

Anoop

November 28, 2026

देवीपाटन मण्डल में 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं से बदली विकास की तस्वीर, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय व एयरपोर्ट की मिली सौगात

युवा साथी ऐप से 18 हजार से अधिक निःशुल्क पाठ्यक्रमों व योजनाओं की जानकारी उपलब्ध, 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले युवा बनें मतदाता

लखनऊ/गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोण्डा में स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत देवीपाटन मण्डल के चार जनपदों—गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती—के 46,800 युवाओं को टैबलेट वितरित करते हुए कहा कि युवा टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें और अपने कौशल विकास के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट अवश्य निकालें। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से 20 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए और कहा कि टैबलेट में युवा साथी ऐप के माध्यम से पाठ्यक्रम से सम्बन्धित 18 हजार से अधिक सामग्री व निःशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं, साथ ही छात्रवृत्ति, इण्टर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि टैबलेट चार्ज रखने के साथ सपनों और संकल्पों को जीवन्त रखें; रील देखने के लिए भले 30 सेकण्ड दें, पर कौशल विकास को प्राथमिकता दें और वायरल सामग्री साझा करने से पहले तथ्य की जांच व डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखें। प्रथम चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट मिलने से आईआईएम लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 03 करोड़ लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम बनने में मदद मिली।

देवीपाटन मण्डल के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोण्डा देश के सबसे गन्दे शहरों में शामिल था, सड़कें खराब थीं तथा बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच नीति आयोग की आकांक्षी जनपदों की सूची में शामिल थे, जबकि विगत साढ़े नौ वर्षों में मण्डल में लगभग 36 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। आज गोण्डा व बहराइच में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, बलरामपुर में माँ पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय क्रियाशील है तथा अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है, थारु संग्रहालय का निर्माण हुआ है और श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार है।

उन्होंने कहा कि विगत साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, प्रोजेक्ट अलंकार व ऑपरेशन कायाकल्प से विद्यालयों का आधुनिकीकरण हुआ है, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है तथा माफिया, कर्फ्यू व दंगे से मुक्त माहौल में सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इन्फोसिस, एचसीएल, हिन्दुजा समूह और टाटा जैसी कम्पनियां निवेश कर रही हैं। प्रत्येक जनपद में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार जोन विकसित किए जा रहे हैं तथा जापान व जर्मनी में रोजगार के इच्छुक युवाओं को सरकार अपने खर्च पर भाषा प्रशिक्षण दिलाएगी।

सम्पर्क मार्गों और पर्यटन परियोजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बाराबंकी से बहराइच तक नियंत्रित प्रवेश वाला 04-लेन गलियारा विकसित किया जा रहा है, लखनऊ से बहराइच और रुपईडीहा तक 04-लेन सम्पर्क मार्ग के लिए भारत सरकार ने लगभग 07 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, गोण्डा-लखनऊ मार्ग 04-लेन में परिवर्तित किया गया है, जरवल रोड के निकट घाघरा नदी पर 04-लेन पुल निर्माण में प्रगति हुई है तथा बलरामपुर से लखनऊ की दूरी लगभग दो घण्टे और गोण्डा से देवीपाटन की दूरी लगभग 45 मिनट में पूरी हो रही है। अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर और गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर इस मण्डल से गुजरेंगे, नेपाल सीमा पर रुपईडीहा में पहला लैण्डपोर्ट तैयार हो रहा है तथा कतर्नियाघाट और चित्तौड़ाझील को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने श्रावस्ती, माँ पाटेश्वरी, पृथ्वीनाथ महादेव, माँ बाराही देवी व स्वामीनारायण छपिया की पौराणिक विरासत का स्मरण किया और आह्वान किया कि 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में अवश्य होना चाहिए, जिसके लिए युवा साथी ऐप पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम को केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और कैसरगंज के सांसद करण भूषण सिंह ने भी सम्बोधित किया तथा जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *