विगत साढ़े नौ वर्षों में लगभग पौने 10 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, आगामी दिनों में लेखपाल, होमगार्ड व शिक्षा विभाग में भी होंगी नियुक्तियां
वित्तीय अनुशासन शासन की आधारशिला; वरिष्ठों के गलत निर्देश न मानने और शासकीय धन का सदुपयोग सुनिश्चित करने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी युवा के जीवन में नियुक्ति पत्र केवल एक सरकारी दस्तावेज नहीं, बल्कि उसके वर्षों के परिश्रम, संघर्ष, प्रतिभा और सपनों को मिली पहचान है। जब किसी युवा को उसकी योग्यता और मेहनत के आधार पर बिना किसी सिफारिश एवं भेदभाव के नियुक्ति मिलती है, तो उसके चेहरे पर आने वाली चमक केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि यह नए उत्तर प्रदेश के आत्मविश्वास और नई पहचान की चमक होती है। मुख्यमंत्री यहां मिशन रोजगार के अन्तर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया द्वारा वित्त विभाग के आन्तरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के नवचयनित 1,594 अभ्यर्थियों—जिनमें 1,393 सहायक लेखाकार एवं 201 लेखा परीक्षक शामिल हैं—को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ हो रही नियुक्तियों ने युवाओं को नई उड़ान दी है और चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या भेदभाव के बिना योग्यता के आधार पर नियुक्ति मिलना प्रदेश की नई कार्य संस्कृति और पहचान है। विगत साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के लगभग पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। अगले 06 महीने में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने की घोषणा में से आधे से अधिक वितरित किए जा चुके हैं, जबकि आगामी दिनों में लगभग 8,000 लेखपालों, 42,000 होमगार्डों तथा शिक्षा विभाग से सम्बन्धित लगभग 2,000 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
नवनियुक्त सहायक लेखाकारों एवं लेखा परीक्षकों को उनके दायित्वों की गम्भीरता समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त विभाग में कार्य करने वाले कार्मिकों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है तथा वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता किसी भी शासन व्यवस्था की आधारशिला हैं। वित्तीय मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए और न ही शासन को किसी प्रकार की क्षति पहुंचनी चाहिए, इसके लिए प्रत्येक कार्य नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप सम्पादित होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को अपने वरिष्ठ अधिकारी के गलत निर्देशों का पालन नहीं करना चाहिए, यदि कोई गलत कार्य करने के लिए कहता है तो स्पष्ट रूप से मना कर देना चाहिए और किसी भी गलत कार्य में हस्ताक्षर नहीं करने चाहिए, क्योंकि कार्मिकों के हस्ताक्षर और निर्णयों में प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था का विश्वास निहित है।
कर्तव्यनिष्ठा और समयबद्धता को कर्मचारी की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कर्मचारी समय का महत्व समझते हुए अपने कार्यों को निर्धारित समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा करते हैं, उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों व अधीनस्थों का सम्मान प्राप्त होता है और समयबद्ध पदोन्नति सहित सभी सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद सभी वर्गों और कैडर में समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के संस्थानों में आर्टिफिशियल इन्टेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इण्टरनेट ऑफ थिंग्स, थ्री-डी प्रिन्टिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे विषयों के पाठ्यक्रम संचालित नहीं थे, जिन्हें तकनीकी विश्वविद्यालयों में लागू करने के निर्देश दिए गए और आज प्रदेश का युवा इन आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहा है।
न्यू पेंशन स्कीम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में जानकारी प्राप्त करने पर पता चला कि लगभग 14 लाख कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए थे और वर्ष 2005 से 2017 तक सरकार का अंशदान भी उपलब्ध नहीं कराया गया था। सरकार ने कमेटी गठित कर प्रत्येक कर्मचारी का अलग खाता खोलने और सरकार का अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने की व्यवस्था की तथा बजट से 10 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराकर खातों में धनराशि जमा कराई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में साढ़े 12 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था वाला उत्तर प्रदेश आज 36 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था बन चुका है, प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है और बजट का दायरा तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 09 लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक किया गया है।
गोमती रिवर फ्रन्ट परियोजना (167 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले 1,400 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद अधूरी) और जयप्रकाश नारायण इण्टरनेशनल सेण्टर (200 करोड़ रुपये की डीपीआर के मुकाबले 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद अधूरा) का उदाहरण देते हुए उन्होंने शासकीय धन के निर्धारित उद्देश्य के लिए उपयोग पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि बिल्डर-बायर्स बैठक और नीतिगत सुधारों से चार लाख होम बायर्स को आवास दिलाए गए, देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत मोबाइल नोएडा और उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं।
लखनऊ स्थित एचसीएल परिसर में कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18,000 हो गई है (जहां तीन शिफ्ट में लगभग 60 प्रतिशत बालिकाएं कार्यरत हैं और रात्रि शिफ्ट के बाद लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव व रायबरेली सुरक्षित रवाना होती हैं), तथा प्रदेश में कलाश्निकोव-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पूर्ण पारदर्शी प्रक्रिया से निष्पक्ष चयन के साथ राजकोषीय घाटे को निर्धारित सीमा में बनाए रखा गया है और कार्मिकों को ई-कोषागार, ऑनलाइन भुगतान व ऑडिट की डिजिटल व्यवस्था में दक्षता प्राप्त करनी चाहिए। कार्यक्रम में मिशन रोजगार पर लघु फिल्म प्रदर्शित की गई तथा प्रमुख सचिव वित्त आलोक कुमार और सचिव वित्त संदीप कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

