‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ के जरिए संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा पर रहेगा मुख्य फोकस
घोषणा पत्र लॉन्च के बाद लखनऊ में मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में कांग्रेस निकालेगी संविधान मार्च
लखनऊ: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। सपा कल यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेगी। पार्टी ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया है और इसके साथ ‘सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ का नारा जोड़ा गया है। इस घोषणा पत्र के केंद्र में मुख्य रूप से महिलाएं, युवा और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग होंगे।
पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार किए जा रहे इस घोषणा पत्र के माध्यम से सपा संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को अपने चुनावी अभियान का मुख्य आधार बनाएगी। पार्टी इसके जरिए महिलाओं, युवाओं, पीडीए और समाज के कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े बड़े वादे पेश करेगी। प्रदेश स्तर के इस मुख्य घोषणा पत्र के बाद पार्टी की योजना अलग-अलग मंडलों और जिलों की स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय घोषणा पत्र भी जारी करने की है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीते दिनों एक प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया था कि पार्टी का पूरा फोकस पीडीए, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर रहेगा। चुनाव से काफी पहले घोषणा पत्र जारी करने के पीछे पार्टी की रणनीति यह है कि कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जनता के बीच अपने मुद्दों और वादों को पहुंचाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। घोषणा पत्र से जुड़ी विस्तृत योजनाओं का खुलासा कल 26 नवंबर को होने वाले आधिकारिक लॉन्च कार्यक्रम के दौरान ही किया जाएगा।
कल का दिन राजधानी लखनऊ में सियासी शक्ति प्रदर्शन का भी गवाह बनेगा। सपा कार्यालय में पीडीए घोषणा पत्र लॉन्च होने के बाद कांग्रेस की ओर से ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे विशेष रूप से शामिल होंगे। यह मार्च नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगा और एनेक्सी होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम संयोजक और सांसद तनुज पुनिया के अनुसार तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस मार्च में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया समेत प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

