लखनऊ में ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ, 12 राज्यों की लोककलाओं की अनूठी छटा

Anoop

November 25, 2026

जनजातीय शिल्प मेले में जनजातीय कलाकारों नेपारंपरिक हुनर का प्रदर्शन कियाव हुई ब्रिक्री

शोभायात्रा से आगाज, सोनभद्र के करमा से राजस्थान के चकरी तक लोककलाओं की प्रस्तुतियां

लखनऊ। जनजातीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक संगीत और सदियों पुरानी परंपराओं के विविध रंग सोमवार को राजधानी लखनऊ में एक मंच पर साकार हुए। गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में चार दिवसीय ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 26 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने पारंपरिक जनजातीय वाद्ययंत्रों की थाप के बीच किया। समारोह की शुरुआत जननायक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई।

मुख्य अतिथि असीम अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, लोकसंगीत, पारंपरिक नृत्य और हस्तशिल्प हमारी साझा सांस्कृतिक धरोहर के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे आयोजन जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और व्यापक पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं। उत्सव में लेखिका डॉ. अनिता सोनी की पुस्तक ‘गाड़िया लोहार’ का लोकार्पण भी किया गया, जिससे जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से जुड़े साहित्य को प्रोत्साहन मिला।

समारोह में विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारियों के रूप में विशेष सचिव संस्कृति विभाग दीपा रंजन, विशेष सचिव समाज कल्याण विभाग प्रवीण मिश्र, क्षेत्रीय अध्यक्ष जनजाति मोर्चा काशी क्षेत्र शैलेश कुमार राम, उपाध्यक्ष अनुगम विश्वनाथ, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, निदेशक उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान अतुल द्विवेदी, उप निदेशक जनजाति विकास डॉ. प्रियंका शर्मा, समन्वयक जनजाति विकास उमेश कुमार सिंह तथा निदेशक समाज कल्याण विभाग संजीव सिंह उपस्थित रहे।

उत्सव का आगाज सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा के साथ हुआ। उत्सव की शुरुआत शाम तीन बजे 1090 चौराहे से यूपी दर्शन पार्क तक निकाली गई सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई, जिसके बाद शाम पांच बजे से विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य, संगीत और गायन की प्रस्तुतियों से जनजातीय संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। सांस्कृतिक संध्या में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन के साथ करमा नृत्य प्रस्तुत किया। लखीमपुर खीरी के थारू, बिजनौर के बुक्सा जनजाति के कलाकारों के पारंपरिक नृत्य तथा चित्रकूट के जवारा एवं राई नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया, जबकि प्रयागराज के बीन वादन ने लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा की झलक दिखाई।

इसके अलावा महाराष्ट्र के बोहणा, मध्य प्रदेश के भगोरिया, राजस्थान के तेराताली एवं चकरी, पश्चिम बंगाल के संथाली, हिमाचल प्रदेश के सिरमौरी एवं लम्बाडा, छत्तीसगढ़ की पंडवानी, ओडिशा की बोंडा जनजाति के नृत्य और उत्तराखंड के जौनसारी नृत्य ने 12 राज्यों की प्रस्तुतियों में सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया। राजस्थान के कलाकारों की लंगा गायन प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रही।

उत्सव स्थल पर आयोजित शिल्प मेले में विभिन्न राज्यों के शिल्पकार पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय आभूषण और स्थानीय कलात्मक उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा और शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने व बाजार से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। उत्सव के अंत में समाज कल्याण एवं जनजाति विकास विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि असीम अरुण एवं अन्य अतिथियों के साथ समूह छायाचित्र लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *