यूपी की मतदाता सूची में 18.84 लाख नए वोटरों का इजाफा, ड्राफ्ट रोल जारी

Anoop

November 17, 2026

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां, चार जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

75 जिलों के सभी बूथों और वेबसाइट पर उपलब्ध हुई सूची, शनिवार-रविवार को चलेगा विशेष अभियान

लखनऊ। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को राज्य की ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची जारी कर दी गई। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस नई सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर लगभग 13.58 करोड़ तक पहुंच गई है। बीते 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जिसके मुकाबले राज्य में 18.84 लाख (पिछले सात महीनों में करीब 17 लाख) नए मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आयोग ने नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार करवाने का एक और सुनहरा अवसर प्रदान किया है। जारी किए गए ड्राफ्ट रोल पर आम जनता आगामी 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकेगी। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके उपरांत चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के अंतर्गत आने वाले 1,73,730 मतदान केंद्रों (बूथों) पर यह ड्राफ्ट सूची उपलब्ध करा दी गई है। इसके अतिरिक्त, बीएलओ व राजनीतिक दलों को भी इसकी प्रतियां दी जा रही हैं और नागरिक जिला निर्वाचन अधिकारियों की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन अपना नाम जांच सकते हैं। इस प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए हर शनिवार और रविवार को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, जहां लोग बूथ पर जाकर अपनी जानकारी जांच सकेंगे और आवश्यक संशोधन या नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *