कंबाइंड हॉस्टल ने एयर फोर्स को 2-0 से दी मात
पंजाब नेशनल बैंक ने उत्तर प्रदेश पुलिस को 3-1 से हराया
लखनऊ। राजधानी में आयोजित किए जा रहे 44वें ऑल इंडिया के.डी. सिंह बाबू प्राइज मनी मेंस हॉकी टूर्नामेंट में आज खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दिन के पहले मुकाबले में कंबाइंड हॉस्टल (CBH) ने एयर फोर्स (IAF) को 2-0 से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने उत्तर प्रदेश पुलिस (UPP) को 3-1 से शिकस्त दी।
पूल ‘डी’ के मैच संख्या 12 में कंबाइंड हॉस्टल और एयर फोर्स की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। शुरुआती तीन क्वार्टर तक दोनों ही टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं, लेकिन चौथे क्वार्टर में कंबाइंड हॉस्टल ने आक्रामक रुख अपनाया। मैच का पहला गोल 48वें मिनट में हुआ, जब कंबाइंड हॉस्टल के जर्सी नंबर 15 खिलाड़ी आतिफ रैनी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मैच समाप्त होने से ठीक एक मिनट पहले, 59वें मिनट में जर्सी नंबर 92 अजय कुमार गोंड ने एक शानदार फील्ड गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया और मुकाबले को पूरी तरह अपनी टीम के नाम कर लिया।
दिन के एक अन्य रोमांचक मुकाबले (पूल ‘सी’, मैच संख्या 11) में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने उत्तर प्रदेश पुलिस (UPP) को 3-1 से मात दी। मैच की शुरुआत से ही PNB के खिलाड़ियों ने दबदबा बनाए रखा। 27वें मिनट में जर्सी नंबर 17 अभिमन्यु ने बेहतरीन फील्ड गोल कर PNB का खाता खोला। इसके महज तीन मिनट बाद, 30वें मिनट में जर्सी नंबर 14 गुरसिमरन सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में उत्तर प्रदेश पुलिस ने वापसी की कोशिश की और 39वें मिनट में जर्सी नंबर 4 अंकित कुमार प्रजापति ने एक दर्शनीय फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 कर मुकाबले में रोमांच भर दिया। हालांकि, मैच के अंतिम क्षणों (60वें मिनट) में PNB के जर्सी नंबर 99 तोषांत ने एक और फील्ड गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

