यूपी में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, वाराणसी-कानपुर के कमिश्नर और 6 जिलों के डीएम बदले

Anoop

November 16, 2026

वाराणसी-कानपुर के मंडलायुक्त और ग्रेटर नोएडा के सीईओ बदले

छह जिलों को मिले नए जिलाधिकारी, सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। इस तबादला सूची में वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों की अदला-बदली के साथ-साथ आधा दर्जन जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी बदले गए हैं। इसके अलावा औद्योगिक विकास, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और शासन स्तर के कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कानपुर के मंडलायुक्त रहे के. विजयेन्द्र पांडियन को अब वाराणसी का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर का कमिश्नर बनाया गया है। औद्योगिक मोर्चे पर भी बड़ा बदलाव करते हुए रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का सीईओ तथा आयुक्त एवं निदेशक (उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग) बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया सीईओ, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर तैनात किया गया है।

फेरबदल में भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली भेजा गया है, जबकि चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया डीएम और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ नियुक्त किया गया है। इसी तरह राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त रहे रमेश रंजन को गोंडा का डीएम बनाया गया है और वहां की डीएम प्रियंका निरंजन को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव भेजा गया है।

स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है। नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया डीएम तैनात किया गया है और श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव (बाल विकास एवं पुष्टाहार) बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के एसीईओ प्रवीण वर्मा को शामली का नया डीएम नियुक्त किया गया है, जबकि शामली के डीएम आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली है। इसके अतिरिक्त, श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी, सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक तथा यूपी टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *