हर साल बढ़ रही दीपोत्सव की भव्यता, 500 और 1,100 के बाद इस बार रिकॉर्ड 2,100 ड्रोन करेंगे उड़ान
2,100 ‘मेड इन इंडिया’ ड्रोन 15 मिनट के शो में रामायण के 15 प्रमुख प्रसंगों को करेंगे जीवंत
लखनऊ। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के अवसर पर इस बार तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। दीपावली की पूर्व संध्या पर 7 और 8 नवंबर को पर्यटन विभाग की ओर से एक भव्य एरियल ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें ‘मेड इन इंडिया’ तकनीक से निर्मित 2,100 ड्रोन लगातार दो शाम अयोध्या के आसमान को रोशनी से सराबोर करेंगे और रामायण के कई प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप देंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लगभग 15 मिनट तक चलने वाले इस शो में कम से कम 15 अलग-अलग ड्रोन फॉर्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। आसमान में 2,100 ड्रोन की मदद से वीर मुद्रा में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान, राम दरबार, महर्षि वाल्मीकि तथा गोस्वामी तुलसीदास जैसे प्रसंग आकृतियों के रूप में दिखाई देंगे। इसके अलावा राम मंदिर, दीपोत्सव, उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी प्रदर्शित होंगे। शो को अधिक संगीतमय और आकर्षक बनाने के लिए वॉयस ओवर और संगीत का बेहतरीन तालमेल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दीपोत्सव में ड्रोन शो की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए हर साल ड्रोन की संख्या बढ़ाई गई है। वर्ष 2024 में 500 और 2025 में 1,100 ड्रोन के साथ यह शो हुआ था, जबकि इस बार ड्रोन की संख्या बढ़ाकर 2,100 कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में तकनीक और अध्यात्म का यह संगम अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।

