इरादतनगर में छापेमारी कर पकड़ा गया मुंबई निवासी आरोपी फिरोज मसर्रत खान
यूपी के जंगलों से पक्षियों को पकड़कर खाड़ी देशों में सप्लाई करता था गिरोह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की संयुक्त टीम ने लखनऊ से अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्कर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 14 करोड़ रुपये की कीमत के सात बेहद दुर्लभ बाज (फाल्कन) बरामद किए गए हैं। पकड़ा गया आरोपी मुंबई के बांद्रा का रहने वाला फिरोज मसर्रत खान है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित पक्षियों की बड़ी खेप लेकर एक तस्कर लखनऊ पहुंचने वाला है। इस पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और WCCB की टीम ने मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले में स्थित एक मकान में छापेमारी की और शुक्रवार शाम आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात दुर्लभ बाज, मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित वन्यजीव तस्करी गिरोह का हिस्सा है। इस गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से दुर्लभ पक्षियों को अवैध रूप से पकड़ते हैं। इसके बाद इन पक्षियों को मुंबई के रास्ते हवाई मार्ग से दुबई, सऊदी अरब और बहरीन जैसे खाड़ी देशों में महंगे दामों पर सप्लाई किया जाता है। आरोपी के खिलाफ मदेयगंज थाने में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

