26 अक्तूबर को प्रदेश भर में रहेगा सार्वजनिक अवकाश, राम मंदिर में पहली बार मनाई जाएगी वाल्मीकि जयंती
सीएम आश्रम में रामायण पाठ और पूजा में शामिल हो आदिकवि महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार (26 अक्तूबर) को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर के बिठूर स्थित पौराणिक वाल्मीकि आश्रम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री आश्रम में आयोजित रामायण पाठ और पूजा-अर्चना में सम्मिलित होकर आदिकवि महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।
मान्यता है कि इसी पावन आश्रम में महाकाव्य रामायण की रचना हुई थी, माता सीता को आश्रय मिला था और भगवान श्रीराम के पुत्रों लव व कुश का जन्म हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री बिल्हौर और बिठूर क्षेत्र के विकास के लिए ₹411 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।
26 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित
प्रदेश सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर 26 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगाराव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में निर्धारित अनुबंधित अवकाश के स्थान पर अब संपूर्ण राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस निर्णय के बाद प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और राम मंदिर में पहला भव्य आयोजन
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि से जुड़े पौराणिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। चित्रकूट के लालापुर स्थित वाल्मीकि आश्रम में ₹19.95 लाख की लागत से 12.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है और ₹11.20 करोड़ से पर्यटन सुविधा केंद्र का निर्माण पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा अयोध्या स्थित आश्रम और इटावा के बेला गांव स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर के पर्यटन विकास के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
अयोध्या में नवनिर्मित हवाई अड्डे का नाम ‘महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ रखकर उनकी विरासत को वैश्विक पहचान दी गई है। वहीं इस वर्ष अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के सप्तमंडपम में पहली बार महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के संतों सहित लगभग 200 प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति में महर्षि वाल्मीकि का अभिषेक और षोडशोपचार पूजन संपन्न होगा।

