अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में सीतापुर पुलिस की दबिश
शूटरों को हथियार मुहैया कराने वाली आरोपी राधा की गिरफ्तारी और मां का दावा
सीतापुर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए हमले के मामले में शूटरों को हथियार मुहैया कराने की आरोपी राधा की जांच का दायरा अब उसके पैतृक गांव तक पहुंच गया है। सीतापुर पुलिस मिश्रिख थाना क्षेत्र के करमसेपुर गांव पहुंची और आरोपी राधा के परिजनों तथा ग्रामीणों से गहन पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस इस सनसनीखेज मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों और जानकारियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मूल रूप से करमसेपुर गांव की रहने वाली राधा को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि राधा लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए कूरियर का रूप में काम करती थी। उस पर आरोप है कि उसने पिस्तौल और कारतूस ट्रेन के माध्यम से दिल्ली से मुंबई पहुंचाए थे और मुंबई के दादर इलाके में एक नाबालिग को वह हथियार सौंपे थे। पुलिस इन्हीं संगीन आरोपों के आधार पर उसकी भूमिका की गहराई से पड़ताल कर रही है।
बेटी की गिरफ्तारी से मां का रो-रोकर बुरा हाल
अपनी बेटी राधा की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद से उसकी मां मैना का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का दावा है कि उनकी बेटी पूरी तरह निर्दोष है और उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। बहरहाल, सीतापुर पुलिस गांव में लगातार डेरा डाले हुए है और परिजनों व स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर इस पूरे प्रकरण के हर पहलू को खंगाल रही है।


