मणिमहेश्वर शिव मंदिर में नवमी पर भव्य दुर्गा महापूजन और भंडारा
श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ की मां दुर्गा और भगवान शिव की आराधना
लखनऊ। नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर लखनऊ के देवपुर पारा स्थित रिंग रोड स्थित मणिमहेश्वर शिव मंदिर में दुर्गा महापूजन, भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा और भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की तथा प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान बड़े हनुमान घाट, काशी से जुड़े महंत मनोहर पुरी जी महाराज ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित महाभंडारे और प्रसाद वितरण में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और ऊर्जस्वित नजर आया।
इस आयोजन में कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें विश्व हिंदू परिषद के संस्थापक विनय कटियार, भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ महानगर महामंत्री सतेंद्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री देवेश मिश्रा और नगर कार्यसमिति सदस्य गौतम कुमार सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग शामिल रहे।
नवमी के इस पावन पर्व पर आयोजित इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति, सनातन धार्मिक परंपराओं, सेवा और सामाजिक सहभागिता के गहरे महत्व को रेखांकित किया। मंदिर में हुए इस अनुष्ठान के माध्यम से जहां एक ओर नवरात्र का पर्व पूरी भव्यता से मनाया गया, वहीं भंडारे के जरिए श्रद्धालुओं को सामूहिक सहभागिता का सुंदर अवसर भी प्राप्त हुआ।

