राजभवन में विधि-विधान से संपन्न हुआ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन, राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना

Anoop

October 21, 2026

राजभवन में मां दुर्गा की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन

श्रद्धालुओं द्वारा भक्तिमय माहौल में दी गई भावपूर्ण विदाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राजभवन में आयोजित नवरात्रि उत्सव की प्रेरणास्रोत श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 20 अक्टूबर, 2026 को राजभवन में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मां भगवती से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन पूरी श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।

राजभवन में आयोजित नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि एवं गरबा महोत्सव का समापन 19 अक्टूबर को हुआ था। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव में कुल 9,693 श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और पारंपरिक गरबा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस भव्य आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय लोक संस्कृति और पारंपरिक उत्सवों के प्रति लोगों के जुड़ाव को एक नया प्रोत्साहन दिया है।

मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान श्रद्धालु भक्तिमय भजनों की धुनों पर भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए। भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण इस वातावरण में सभी ने मां दुर्गा को नम आंखों और भारी मन से भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान मां भगवती के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और समर्पण का एक अत्यंत सुंदर व अलौकिक दृश्य देखने को मिला।

मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ ही राजभवन में आयोजित नवरात्रि उत्सव की धार्मिक परंपराओं का विधिवत समापन हो गया। यह नौ दिवसीय आयोजन श्रद्धा, सांस्कृतिक सहभागिता और भारतीय सनातन परंपराओं के प्रति गहरे सम्मान का एक अनूठा प्रतीक बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *