राजधानी लखनऊ में भव्यता के साथ संपन्न हुई 68 किमी विजयादशमी शोभायात्रा-2026

Anoop

October 21, 2026

भारत की सबसे बड़ी 68 किलोमीटर लंबी विजयादशमी शोभायात्रा-2026 भव्यता श्रद्धा के साथ हुई संपन्न

विजयादशमी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति का आयोजन

लखनऊ। विजयादशमी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति द्वारा आयोजित भारत वर्ष की सबसे बड़ी 68 किलोमीटर लंबी विजयादशमी शोभायात्रा-2026 मंगलवार को अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। राजधानी की सड़कों पर निकाली गई इस ऐतिहासिक शोभायात्रा ने भारतीय संस्कृति, संगठन और आस्था का अद्वितीय दृश्य प्रस्तुत किया।

वैदिक मंत्रोच्चार और संतों के सान्निध्य में प्रातः 8 बजे प्रतीक स्थल पर महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरी जी महाराज, संत कौशिक जी महाराज (हनुमान सेतु के मुख्य पुजारी), हनुमान अंश के मुख्य कलाकार एवं पद्मश्री अनिल रस्तोगी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल जी द्वारा नारियल फोड़कर इस यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान गुरुकुल संस्कृत के विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चारण किया। शोभायात्रा के अग्रसर भाग में धर्म रक्षक वीर बलिदानी पंच प्यारे सिख भाई सुशोभित रहे।

यात्रा में ऊर्जा और शक्तिरूपा मातृशक्ति की भारी संख्या में सहभागिता रही। युवाओं का जोश, बुलेट मोटरसाइकिल और थार गाड़ियों पर लहराती भगवा पताकाएं तथा उत्साह एवं उमंग राष्ट्रबोध की पराकाष्ठा को दर्शा रहे थे। राजाजीपुरम के 30 चौराहा समिति के माध्यम से स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन पश्चिम के युवाओं, युवतियों और सनातनी जनों ने पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया, जो बुद्धेश्वर मंदिर पर अन्य शोभायात्राओं के संगम के साथ आगे बढ़ी।

लखनऊ के 151 चौराहों से गुजरने वाली इस शोभायात्रा का मार्ग में बनाए गए 100 स्वागत स्थलों पर पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। सांस्कृतिक झाँकियों और लाखों रामभक्तों की उपस्थिति ने सनातन धर्म के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के भाव को प्रदर्शित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों और अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह यात्रा प्रतिवर्ष निरंतर आगे बढ़ रही है, जिसका उद्देश्य लक्ष्मण नगरी लखनऊ के विजयादशमी उत्सव को विश्वविख्यात बनाना और असत्य पर सत्य की स्थापना का संदेश देना है।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव ने कहा कि यह शोभायात्रा हिंदू समाज को एकसूत्र में बाँधने और वैदिक सनातन धर्म की गौरवगाथा को पुनः स्थापित करने का प्रयास है, जिसमें इस बार प्रदेश के 21 जिलों से प्रतिनिधित्व रहा। मिलन प्रमुख ऋषि राज जैन ने युवा शक्ति की सहभागिता की सराहना की, जबकि मीडिया प्रभारी शिवांक रमन भदौरिया ने कहा कि यह शोभायात्रा भारतीय संस्कृति और संगठन शक्ति का अद्वितीय परिचायक बनकर जन-जन में नवचेतना जगा रही है।

इस अवसर पर समिति के सभी पदाधिकारियों सहित सात साप्ताहिक मिलनों (स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन पूर्व एवं पश्चिम, माँ शक्तिधाम मिलन, राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति जानकीपुरम, समर विहार मिलन, बाबा भीमराव अधिवक्ता मिलन और तरुण मिलन) के पालक एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह भव्य आयोजन धर्म और संस्कृति के माध्यम से सम्पूर्ण समाज को सनातन धर्म के सूत्र में संगठित कर माँ भारती के परम गौरव को स्थापित करने का संकल्प लेकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *