के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में संपन्न हुई जिला स्तरीय जिमनास्टिक, टेबल टेनिस व हॉकी प्रतियोगिता, खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
टेबल टेनिस के विभिन्न वर्गों में वर्तिका और प्रनित का दबदबा, खेलो इंडिया सेंटर हॉकी फाइनल में ब्लू टीम ने रेड टीम को 3-1 से हराया
लखनऊ: खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय जिमनास्टिक और टेबल टेनिस प्रतियोगिता के साथ-साथ ‘खेलो इंडिया सेंटर’ के तहत आयोजित हॉकी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मंगलवार को पुरस्कार वितरित किए गए। के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह की शुरुआत में सहायक प्रशिक्षक निशित दीक्षित ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
प्रतियोगिता के टेबल टेनिस मुकाबलों में अंडर-13 बालक वर्ग में प्रनित प्रथम, श्रवण द्वितीय, जबकि हर्षित व आराध्या संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। इसी आयु वर्ग के बालिका वर्ग में वर्तिका ने पहला, मदुरा ने दूसरा, तथा आद्या व वैष्णवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-15 बालक वर्ग में अर्पित ने बाजी मारी, प्रनित दूसरे और आदित्य व आरुष तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग (अंडर-15) में वर्तिका प्रथम, अमाया द्वितीय और आद्या व वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-18 बालिका वर्ग में वर्तिका ने पुनः पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमाया दूसरे स्थान पर और वैष्णवी व मदुरा तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-18 बालक वर्ग में प्रनित ने पहला, अर्पित ने दूसरा और उत्सव व पार्थ ने तीसरा स्थान पाया। बालक युगल वर्ग में पार्थ व अर्पित की जोड़ी विजेता बनी, जबकि हर्षित व श्रवण की जोड़ी उपविजेता रही। बालिका युगल में गौरी व रिदिमा की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मिक्स्ड युगल में आदित्य और रिदिमा की जोड़ी ने खिताबी जीत दर्ज की।

इसके अलावा, खेलो इंडिया सेंटर के समन्वय से आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर की ‘ब्लू’ और ‘रेड’ टीमों के बीच खेला गया, जिसमें ‘ब्लू’ टीम ने 3-1 से शानदार जीत हासिल की। इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी मुशर्रफ खान, अभिषेक कुमार, रविकांत यादव, ऋषि कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

