राजभवन में आयोजित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक साधारण सभा में लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी को उनकी बेहतरीन सामाजिक व चिकित्सा सेवाओं के लिए राज्यपाल द्वारा सर्वाणिग पुरस्कार से सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता व आपदा प्रबंधन अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया, संस्था ने वर्ष 2025/2026 के दौरान 297 यूनिट रक्तदान, 486 पोषण पोटली वितरण और उपकरण वितरण जैसे अनेक सराहनीय कार्य किए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनभवन में आयोजित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक साधारण सभा (AGM) में लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी को उनकी उत्कृष्ट सर्वांगीण गतिविधियों के लिए आदरणीय राज्यपाल महोदया द्वारा विशेष रूप से पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। लखनऊ रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता एवं आपदा प्रबंधन अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने मंच पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों के समक्ष यह सम्मान और प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस गरिमामय अवसर पर मंच पर आदरणीय राज्यपाल महोदया, उपमुख्यमंत्री एवं सभापति श्री ब्रजेश पाठक, उपसभापति अमर नाथ मिश्र, सचिव रामानंद कटियार, तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, नई दिल्ली से आईं संयुक्त सचिव श्रीमती बांसुरी जी सहित प्रदेश भर के सभी जिलों से आए सदस्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लखनऊ के सचिव अमर नाथ मिश्र ने सोसाइटी की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ की टीम ने वर्ष 2025/2026 के दौरान सेवा भाव के साथ अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इस अवधि में टीम ने कुल 297 यूनिट रक्तदान कराया और टीबी रोगियों की सहायता के लिए 486 पोषण पोटलियों का वितरण किया। इसके अतिरिक्त, संगठन के विस्तार के लिए 8 पेट्रन मेंबर बनाए गए और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 6 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्पतालों को 50 व्हीलचेयर व 50 स्ट्रेचर सौंपे गए, वहीं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10 ट्राइसाइकिल प्रदान की गईं। साथ ही, कड़ाके की ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाया गया।

