स्वतंत्रता दिवस 2026: मायावती ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं, बोलीं— युवा मांग रहे सरकारों से जवाबदेही, जिसे गंभीरता से ले शासन

Anoop

August 15, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर मायावती ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सरकारों को युवाओं के प्रति जवाबदेह बनने की सलाह दी

संवैधानिक संस्थाओं के संतुलन को बनाए रखने और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की पुरजोर मांग की

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के सामने विद्यमान अनेक चुनौतियों और समस्याओं के बावजूद लोगों को स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व पूरी खुशी और उत्साह के साथ मनाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने रेखांकित किया कि ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में सक्षम देश की युवा पीढ़ी अब अपनी बेहतरी के लिए सरकारों से जवाबदेही मांग रही है, जिसे शासन-प्रशासन को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए।

बीएसपी प्रमुख ने कहा कि भारत की कुल आबादी में लगभग 52 प्रतिशत हिस्सेदारी 30 वर्ष से कम आयु के युवाओं की है, जो आत्म-सम्मान के साथ अपने भविष्य को संवारने का प्रयास कर रहे हैं। व्यवस्था से उचित परिणाम न मिलने के कारण युवाओं में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए सरकार से सवाल पूछने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इसके साथ ही, उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के बीच स्थापित ‘चेक एंड बैलेंस’ की व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर बल दिया, ताकि कोई भी संस्था निरंकुश न हो सके और समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *