स्वतंत्रता दिवस पर यूपी पुलिस का बजा डंका: 12 अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति का वीरता पदक, 81 अन्य पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित

Anoop

August 14, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर यूपी पुलिस के 12 अफसरों को राष्ट्रपति के वीरता पदक और 81 कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा

मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत वीरता पदक प्रदान किया जाएगा

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अदम्य साहस, उत्कृष्ट कार्यशैली और सराहनीय सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। इस वर्ष यूपी पुलिस के 12 अधिकारियों को राष्ट्रपति के वीरता पदक (President’s Gallantry Medal) से नवाजा जाएगा। वहीं, विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 81 अन्य पुलिसकर्मियों को भी राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।

शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत वीरता पदक

वीरता पुरस्कारों की सूची में विशेष कार्य बल (STF) के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार का नाम प्रमुखता से शामिल है, जिन्हें मरणोपरांत वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। शहीद सुनील कुमार ने शामली जिले में दुस्साहसी बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए गोली लगने से देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।

फायर सर्विस के 16 जवानों का भी सम्मान

उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ अग्निशमन सेवा (Fire Services) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी जान पर खेलकर जीवन रक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। इसी कड़ी में फायर सर्विसेज के 16 कर्मियों को भी राष्ट्रपति के वीरता पदक से अलंकृत किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित इन सम्मानों से प्रदेश पुलिस बल और उनके परिवारों में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *