हज-2027 के लिए प्रोविजनली चयनित हज यात्रियों के लिए राहत भरी खबर
हज कमेटी ऑफ इंडिया (मुंबई) ने सर्कुलर-6 जारी कर अग्रिम धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई
लखनऊ। हज-2027 के लिए प्रोविजनली चयनित हज यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया (मुंबई) ने सर्कुलर-6 जारी कर अग्रिम धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब चयनित हज यात्री निर्धारित अग्रिम राशि ₹1,52,300/- आगामी 17 अगस्त 2026 तक जमा कर सकेंगे। पूर्व में यह तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक प्रोविजनली चयनित हज यात्री को निर्धारित समयावधि के भीतर हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में यह धनराशि जमा करनी अनिवार्य होगी। समय से धनराशि जमा न कराने की स्थिति में संबंधित हज यात्री का चयन निरस्त कर दिया जाएगा।
धनराशि जमा करने के लिए दिए गए मुख्य निर्देश:
- ऑनलाइन माध्यम: चयनित हज यात्री हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट ([https://hajcommittee.gov.in](https://hajcommittee.gov.in)) या ‘हज सुविधा ऐप’ के जरिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
- ऑफलाइन (बैंक) माध्यम: आवेदक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) की शाखाओं में पे-इन-स्लिप (Pay-in-Slip) के माध्यम से भी राशि जमा कर सकते हैं। इसके लिए पे-इन-स्लिप वेबसाइट से जनरेट की जा सकती है। इसके अलावा, राज्य हज समिति की वेबसाइट (www.hajcommittee.up.gov.in) पर उपलब्ध जिलेवार सूची में प्रत्येक कवर नंबर के सामने बैंक रेफरेंस नंबर अंकित है।
हज समिति ने स्पष्ट किया है कि धनराशि जमा करने के उपरांत कागजात व प्रपत्र जमा कराने के संबंध में अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। सर्कुलर में यह भी अवगत कराया गया है कि ‘शॉर्ट हज’ के लिए आवेदन करने वाले सभी हज यात्रियों को इसमें शामिल कर लिया गया है। ऐसे सभी आवेदकों के लिए भी दी गई समयावधि के भीतर अग्रिम धनराशि जमा करना अनिवार्य होगा।

