मथुरा में पति की बेरहमी से हत्या: पत्नी, बेटी और प्रेमी ने मूसली से कुचला सिर; यमुना किनारे जलाया शव, तीनों आरोपी गिरफ्तार

Anoop

August 11, 2026

मथुरा में दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहाँ पत्नी ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या की

शव को ठिकाने लगा दिया. करीब तीन महीने से अधिक समय तक चले सस्पेंस के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहाँ पत्नी ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया. करीब तीन महीने से अधिक समय तक चले सस्पेंस के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है. इंदौर की सोनम रघुवंशी, मेरठ की मुस्कान और आगरा की रूबी शर्मा की तर्ज पर हुए इस हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके के लोग हैरान हैं.

पुलिस के अनुसार, गोविंद नगर थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा, राधा कृष्ण वाटिका निवासी मनोज सोनी की बेटी का पड़ोस में रहने वाले डिलीवरी बॉय विमल चौधरी के साथ प्रेम संबंध था. मनोज द्वारा बेटी के इस संबंध का विरोध करने और दोनों को एक साथ देख लेने पर हत्या की यह साजिश रची गई. 18 अप्रैल की रात पत्नी नैना, बेटी और उसके प्रेमी विमल ने मनोज के दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया. इसके बाद इमामदस्ते की मूसली से सिर कुचला और गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी.

हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए बेटी और उसका प्रेमी विमल इलेक्ट्रिक स्कूटी पर शव को कंबल में लपेटकर अक्रूर के जंगल में यमुना घाट ले गए, जहाँ उन्होंने शव को जलाकर दफना दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी नैना ने 21 अप्रैल को थाने में पति की गुमशुदगी की अर्जी दी, लेकिन अगले ही दिन अर्जी वापस ले ली. बाद में मृतक के बड़े भाई रामबाबू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.

इधर 7 जून को नैना घर में ताला लगाकर अपनी छोटी बेटी के साथ फरीदाबाद चली गई. जांच में सामने आया कि फरीदाबाद के एक युवक से भी नैना की सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती थी और वह हत्या के बाद उसी के साथ रह रही थी. परिजनों की ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद जब एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने नैना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो वह घबराकर मायके चली गई और अपने पिता के सामने सारा सच उगल दिया. पिता द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस हरकत में आई.

पुलिस ने डिलीवरी बॉय विमल चौधरी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर अक्रूर के जंगल में जेसीबी मशीनों और डॉग स्क्वायड की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया. हालांकि, यमुना का जलस्तर बढ़ा होने और घुटनों तक पानी भरा होने के कारण शव के अवशेष तो बरामद नहीं हो सके, लेकिन पुलिस ने मौके से इस्तेमाल किया गया कंबल, घर के बाहर से मृतक के जले हुए कपड़ों व दस्तावेजों की राख और शव ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है.

पुलिस ने शनिवार शाम को आरोपी पत्नी नैना, उसकी बेटी और प्रेमी विमल चौधरी को अदालत में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

अतीत के चर्चित मामले:

उल्लेखनीय है कि देश में पति की हत्या के ऐसे मामले लगातार सामने आए हैं. मई 2025 में इंदौर के राजा रघुवंशी की उनकी पत्नी सोनम ने मेघालय में हनीमून के दौरान कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से हत्या करवा दी थी. वहीं, 18 मई 2026 को आगरा के सिकंदरा में रूबी शर्मा ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा को नींद की गोलियां देकर बाथरूम में दफना दिया था और 45 दिनों तक गुमशुदगी का नाटक रचा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *