वर्ष 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने
श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा
लखनऊ। वर्ष 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के आधार पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देते हुए पूर्णांक 150 में 60 अंक (40 प्रतिशत) पर परिणाम संशोधित कर नई सूची जारी करने की मांग की। ज्ञापन के साथ आयोग की रिपोर्ट भी सौंपी गई।
भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि आयोग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत की छूट देने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने की संस्तुति की गई है, जिससे ओबीसी के साथ-साथ दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल की वार्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने और प्रकरण पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दलितों-पिछड़ों के साथ है और पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, अखिल यादव और नवीन चौधरी शामिल रहे।

