भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया
कुश्ती संघ के चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा को हराने के बाद उनके खिलाफ एक राजनीतिक साजिश रची
गोंडा। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया है कि कुश्ती संघ के चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा को हराने के बाद उनके खिलाफ एक राजनीतिक साजिश रची गई थी। सोमवार को विश्नोहरपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के परिवार के दबाव में ही कुछ महिला पहलवानों को उनके खिलाफ बयान देने के लिए तैयार किया गया था।
पूर्व सांसद ने आगे कहा कि अदालत द्वारा दिया गया एक परिवार और एक अखाड़े से जुड़ा निष्कर्ष उनके निजी विचार नहीं, बल्कि दो पीड़ित लड़कियों के बयानों पर आधारित है। हरियाणा की कुश्ती अकादमियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महादेव रेसलिंग एकेडमी सीधे तौर पर एक ही परिवार से जुड़ी है, जिसे स्थापित करने में भूपेंद्र हुड्डा की प्रमुख भूमिका रही है। बृजभूषण सिंह ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अदालत के फैसले से अंततः उनका पक्ष और बातें सच साबित हुई हैं।

