राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में बाधा डालने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- रुकावटों के बावजूद 8 अगस्त को प्रयागराज में हर हाल में होगा आयोजन
लखनऊ: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार चाहे जितनी रुकावटें पैदा कर ले, 8 अगस्त को प्रयागराज की पावन धरती पर यह ऐतिहासिक कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।
प्रयागराज में 8 अगस्त को प्रस्तावित इस कार्यक्रम के लिए कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) द्वारा दी गई आयोजन स्थल की अनुमति को ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने निरस्त कर दिया है। अनुमति रद्द होने के बाद अजय राय और स्थानीय कांग्रेसी नेता कार्यवाहक अध्यक्ष से मिलने उनके आवास भी पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। अजय राय का आरोप है कि सरकार के दबाव में आकर 30 जुलाई को दी गई इस अनुमति को निरस्त किया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में अजय राय ने कहा कि इससे पहले भी कोटा (राजस्थान) और देहरादून (उत्तराखंड) जैसे भाजपा शासित राज्यों में सरकार के दबाव में कार्यक्रम की अनुमति निरस्त की गई थी, लेकिन बाद में सरकार को झुकना पड़ा था। उन्होंने देश के युवाओं, विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे 8 तारीख को अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुँचें और राहुल गांधी के साथ मिलकर अपनी आवाज बुलंद करें।

