अभ्यर्थी 10 जुलाई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालयमेरठ में विभिन्न स्नातक, परास्नातक व डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी खेल केंद्र बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक (UG), परास्नातक (PG) और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बीपीईएस, योग और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म समेत शुरू हुए कई नए कोर्स
इस शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय कुल 12 पाठ्यक्रमों में दाखिले की शुरुआत कर रहा है, जिसमें छात्रों को रोजगारोन्मुख और व्यावहारिक शिक्षा दी जाएगी।
- स्नातक (UG) पाठ्यक्रम: तीन वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस – 50 सीटें) और बीएससी योग (40 सीटें)।
- परास्नातक (PG) पाठ्यक्रम: दो वर्षीय एमएससी योग (20 सीटें)।
- स्पोर्ट्स जर्नलिज्म: खेल क्षेत्र में मीडिया के बढ़ते अवसरों को देखते हुए ‘स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन’ में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा (15 सीटें) शुरू किया गया है।
- खेलों में पीजी डिप्लोमा: स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग जैसे खेलों में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू हो रहा है (प्रत्येक खेल में 15-15 सीटें)।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश और 10% अतिरिक्त सीटें
खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले मेधावी और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय ने विशेष प्रावधान किए हैं:
- सीधा प्रवेश (Direct Admission): ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप, या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश मिलेगा। साथ ही खेलो इंडिया, एसजीएफआई (SGFI) राष्ट्रीय खेल, और सीनियर/जूनियर/सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को भी यह सीधी सुविधा मिलेगी।
- 10% अतिरिक्त सीटें: मेधावी खिलाड़ियों के लिए सभी पाठ्यक्रमों में स्वीकृत क्षमता से 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें आरक्षित की गई हैं।
फिटनेस टेस्ट के आधार पर तैयार होगी मेरिट
विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने बताया कि नए सत्र में कुल 12 कोर्सों में प्रवेश फिटनेस टेस्ट और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर होगा। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए कक्षा 12वीं के अंकों और फिटनेस टेस्ट के प्रदर्शन को मिलाकर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी, जबकि पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश का लाभ मिलेगा। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत विवरण और प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://sportsuniup.com/ पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थियों के पास आवेदन के लिए लगभग एक महीने का समय है।

