बालिका एकल: आद्या भटनागर का शानदार उलटफेर
बालक एकल: विराट सिंह का रोमांचक मुकाबला
लखनऊ। एसडीएस टेनिस अकादमी के तत्वावधान में लामार्टिनियर कॉलेज के लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में खेले जा रहे आइटा सीएस-7 (अंडर-18) बालक व बालिका टेनिस टूर्नामेंट में मंगलवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्री-क्वार्टर फाइनल मैचों में जहां उत्तर प्रदेश की आद्या भटनागर ने बड़ा उलटफेर करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई, वहीं बालक वर्ग में विराट सिंह ने सुपर टाईब्रेक में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया।
बालिका एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उत्तर प्रदेश की खिलाड़ियों का जबरदस्त दबदबा रहा। इस दौर का सबसे बड़ा उलटफेर गैर-वरीयता प्राप्त यूपी की आद्या भटनागर ने किया। आद्या ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आठवीं वरीयता प्राप्त यूपी की ही गीतिका सारस्वत को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
अन्य मुकाबलों में शीर्ष वरीयता प्राप्त यूपी की नीति संतोष दुबे ने आद्या सिंह को एक संघर्षपूर्ण मैच में 6-1, 6-4 से मात दी। दूसरी वरीय मध्य प्रदेश की मनुस्मृति सिंह ने यूपी की अनन्या सिंह को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से करारी शिकस्त दी। तीसरी वरीय यूपी की आइरा ने संस्कृति गौतम को 6-2, 6-3 से और चौथी वरीय यूपी की ताशी किरण ने पावनी शुक्ला को 6-2, 6-0 से हराया।
छठीं वरीय वनीशा जादौन ने अवनी भाटिया को 6-3, 6-4 से, सातवीं वरीय आशी शमशेरी ने आशी किरण को 6-1, 6-0 से और श्रीप्रिया सिंघल ने रमिंदरदीप कौर को 6-2, 6-4 से हराकर अगले दौर में कदम रखा।बालक एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त यूपी के विराट सिंह और ध्रुव सिंह के बीच बेहद रोमांचक मैच खेला गया। विराट ने पहला सेट 6-4 से जीता, लेकिन दूसरा सेट 4-6 से गंवा बैठे। इसके बाद मैच का फैसला तीसरे सेट के सुपर टाईब्रेक से हुआ, जहां विराट ने शानदार वापसी करते हुए ध्रुव को 6-4, 4-6, 10-5 से हराकर अंतिम आठ में जगह सुरक्षित की।

शीर्ष वरीयता प्राप्त यूपी के फैज किदवई ने सात्विक गुप्ता को आसानी से 6-3, 6-3 से हराया। दूसरी वरीय उत्तर प्रदेश के अनुरुद्ध कुमार ने प्रणव शर्मा को 6-2, 6-2 से शिकस्त दी। तीसरी वरीय मेहर सिंह खोसला ने देवांश विज को 6-4, 6-3 से और चौथी वरीय यूपी के वंशराज जलोटा ने मोहम्मद आरिज को 6-2, 6-2 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पांचवीं वरीय तेलंगाना के अंकित ने उत्तराखंड के अश्विन चौहान को 6-3, 6-2 से, यूपी के रोहिन राज ने आदित्य वैभव को 6-2, 6-0 से और महाराष्ट्र के निपुन चौहान ने यूपी के रिशांत जायसवाल को 7-5, 6-2 से हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की।

